आगरा। मतदाता सूची से जुड़े काम निपटाने का यह आख़िरी बड़ा मौका है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत 31 जनवरी 2026 को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दिन नए मतदाता नाम जुड़वा सकेंगे, मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाए जा सकेंगे और नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन भी कराया जा सकेगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह अभियान शनिवार को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक सभी बूथों पर चलेगा। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौके पर मौजूद रहेंगे और मतदाताओं की मदद करेंगे।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पहले ही जारी
अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का ड्राफ्ट प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया जा चुका है। यह ड्राफ्ट रोल सभी मतदान केंद्रों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालय और जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध है। अभियान के दौरान बीएलओ बूथ पर सूची पढ़कर सुनाएंगे ताकि किसी पात्र नागरिक का नाम छूट न जाए।
नाम छूटा है तो ऐसे जुड़वाएं
यदि आपका नाम सूची में नहीं है, तो अपने बूथ पर जाकर बीएलओ से संपर्क करें और फॉर्म-6 व डिक्लेरेशन फॉर्म भरें।
साथ में लाएं:
- रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो
- मोबाइल नंबर
- आयु प्रमाण पत्र
- निवास प्रमाण
- परिवार के किसी सदस्य का ईपिक (मतदाता पहचान पत्र) की प्रति
युवाओं के लिए सुनहरा मौका
जो नागरिक 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं या कर रहे हैं, वे पहली बार मतदाता बन सकते हैं। जिन मतदाताओं का मोबाइल नंबर दर्ज नहीं है, वे इसे भी अपडेट करा सकते हैं।
दावे–आपत्तियों की अंतिम तारीख
नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से जुड़े दावे और आपत्तियां 06 फरवरी 2026 तक ली जाएंगी। इसके लिए फॉर्म-6, 7 और 8 संबंधित बूथ या तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र पर जमा किए जा सकते हैं।
31 जनवरी के अभियान की खास बातें
सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे
मृतक, दोहरी प्रविष्टि, अनुपस्थित या स्थानांतरित मतदाताओं की सूची पढ़ी जाएगी
नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 साक्ष्यों सहित स्वीकार किए जाएंगे
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगरा के नागरिकों से अपील की है कि लोकतंत्र के इस अहम काम में सक्रिय भागीदारी करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026