उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने सोमवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए बिहार के कुख्यात अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन सिंह को एक मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। सहारनपुर में हुई इस मुठभेड़ ने राज्य के सबसे वांछित अपराधियों में से एक का अंत कर दिया। ललन सिंह पर कुल 1.25 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह उत्तर प्रदेश तथा बिहार में हत्या, बैंक डकैती, लूट और पुलिस पर हमले जैसे संगीन मामलों में लंबे समय से पुलिस की रडार पर था।
एसटीएफ को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने सहारनपुर के सरसावा-नकुड़ रोड पर जाल बिछाया था। पुलिस के अनुसार, जब टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो ललन सिंह और उसके साथी ने एसटीएफ पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें ललन सिंह को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। उसकी धर-पकड़ के लिए पुलिस ने सघन छापेमारी शुरू कर दी है।
अपराधों की लंबी फेहरिस्त
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला ललन सिंह अत्यंत खतरनाक अपराधी था। उस पर दो दरोगाओं, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड समेत कुल सात लोगों की निर्मम हत्या के आरोप थे। वह न केवल बैंक डकैती और कैश वैन लूट जैसी घटनाओं में शामिल था, बल्कि सरकारी हथियार लूटने के दुस्साहसिक वारदातों को भी अंजाम दे चुका था। उसके खिलाफ वाराणसी और चंदौली सहित कई जिलों में गंभीर मुकदमे दर्ज थे।
वाराणसी पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गौरतलब है कि ललन के दो सगे भाई भी पूर्व में अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं।
- धानुका ने रायसेन के बाम्होरी में आयोजित की मेगा किसान बैठक - September 19, 2026
- कमल पुष्पों से सजा मां महालक्ष्मी का दरबार, बल्केश्वर मंदिर में राधा अष्टमी पर हुआ अलौकिक स्वर्ण श्रृंगार और महाभिषेक; उमड़ी भक्तों की भारी भीड़ - September 19, 2026
- आगरा में गणेश महोत्सव की धूम: हरित श्रृंगार और ‘हरित वाटिका फूल बंगला’ में विराजे महागणपति, दिव्य दर्शन कर भावविभोर हुए भक्त - September 19, 2026