पीड़ित व्यापारी से पूछताछ करती पुलिस

आगरा में चोरों के हौसले बुलंद, व्यापारी के घर से लाखों की चोरी

Crime REGIONAL

थाना अछनेरा क्षेत्र के कस्बा किरावली की घटना, पीड़ित ने पु​लिस को दी तहरीर

Agra (Uttar Pradesh, India). आगरा में शहर से लेकर देहात तक चोरों ​के हौसले बुलंद हैं। रोजाना शहर और देहात क्षेत्र में चोर बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे ​हैं। ताजा मामला थाना अछनेरा के कस्बा किरावली का है। कस्बा किरावली में बुधवार रात को चोरों ने एक किराना व्यापारी के घर को अपना निशाना बना लिया। चोर घर से लाखों रुपए के सोने व चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर भाग गए। गुरूवार दोपहर को पीड़ित व्यापारी को घटना की जानकारी हुई। मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।

ये है मामला
थाना अछनेरा के कस्बा किरावली निवासी मोती जैन का किराना का बड़ा व्यापार है। जैन के कस्बे में मुख्य बाजार व स्टेशन रोड़ पर दो घर हैं। बुधवार रात को व्यापारी परिवार के साथ मुख्य बाजार वाले घर में सो रहा था। स्टेशन रोड़ वाले घर पर ताला लगा हुआ था। चोर स्टेशन रोड़ वाले घर के ताले को तोड़कर अंदर घुस गए। चोर घर से लाखों रुपए के सोने व चांदी के जेवरात व नकदी लेकर भाग गए।

व्यापारी के उड़े होश
गुरूवार दोपहर को मोती जैन किसी काम से स्टेशन रोड़ वाले घर पर गया। घर में सामान बिखरा पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। शोर सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। सूचना मिलते ही मौके पर चौकी इंचार्ज किरावली नीरज पंवार फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी से पूछताछ की। मोती जैन ने पुलिस को बताया है कि चोर उनके घर से 50 तोले सोने के जेवरात तथा 500 ग्राम चांदी व 15000 हजार रुपए नकद ले गए हैं।

घटना से व्यापारियों में रोष
वहीं कस्बे में व्यापारी के घर में हुई लाखों रुपए की चोरी से व्यापारियों में रोष है। उन्होंने पुलिस से घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है। वहीं कस्बे में रात को पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की ​है। व्यापारियों ने कहा है कि गश्त न होंने के कारण कस्बे में चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं।

ये बोले पुलिस अधिकारी
थानाध्यक्ष अछनेरा अनुराग शर्मा ने बताया है कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस चोरों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।