आगरा के बुद्धा पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर नगर निगम में हुई उच्चस्तरीय बैठक, दिसंबर तक काम पूरा करने के निर्देश

स्थानीय समाचार

आगरा। निर्माणाधीन बुद्धा पार्क के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर शुक्रवार को नगर निगम में बैठक हुई। इससे पहले अधिकारियों ने पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में मिली कमियों पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। बैठक में भारतीय जाटव समाज संस्था के पदाधिकारियों ने पार्क को पर्यटन की दृष्टि से और आकर्षक बनाने के कई सुझाव रखे।

दिसंबर तक का लक्ष्य, प्रगति रिपोर्ट तलब

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, निर्माण को निर्देश दिया गया कि इस वित्तीय वर्ष में परियोजना का हस्तांतरण प्रस्तावित है। इसलिए स्वीकृत डीपीआर के अनुसार माह दिसंबर तक कितना कार्य पूर्ण होना था और उसके सापेक्ष अब तक कितना कार्य हुआ है, इसका तुलनात्मक विवरण तैयार कर नगर आयुक्त को अवगत कराया जाए। अवशेष कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराना सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

आवारा पशुओं से परेशान पार्क, गेट-बाउंड्री टूटी

निरीक्षण में पाया गया कि कालिंदी विहार पश्चिमी गेट की तरफ पार्क का गेट क्षतिग्रस्त है। इसी कारण आवारा पशु पार्क में घुस आते हैं और गंदगी फैलाते हैं। इस पर अधिशासी अभियंता को संबंधित ठेकेदार से क्षतिग्रस्त गेट एवं बाउंड्रीवाल की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। बाउंड्री क्षतिग्रस्त होने के कारणों की समीक्षा कर रिपोर्ट देने को भी कहा गया।

सहायक अभियंता को पार्क में कंटीली झाड़ियों और अनावश्यक वनस्पतियों की तत्काल कटाई-छंटाई कराकर समुचित सफाई कराने तथा क्षतिग्रस्त व उखड़ी हुई टाइल्सों को तुरंत दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।

सांची द्वार का पत्थर फिर से लगेगा मानकों पर

निरीक्षण में यह भी पाया गया कि पार्क में स्थापित सांची द्वार का पत्थर उचित व व्यवस्थित ढंग से स्थापित नहीं है। संबंधित अभियंता को निर्देश दिया गया कि पत्थर को तकनीकी मानकों के अनुरूप पुनः ठीक प्रकार से स्थापित कराया जाए, जिससे द्वार की सुंदरता और संरचनात्मक सुरक्षा बनी रहे।

ताजमहल देखने के लिए हाई पावर दूरबीन लगाने का सुझाव

बैठक में भारतीय जाटव समाज संस्था के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि बुद्धा पार्क में उपयुक्त और सुविधाजनक स्थान पर उच्च क्षमता की दूरबीन स्थापित कराई जाए, जिससे पार्क में आने वाले नागरिक व पर्यटक ताजमहल के मनोहारी दृश्य का अवलोकन कर सकें। इससे पार्क का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा।

समिति ने पार्क में वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने का भी सुझाव दिया। इसके लिए तकनीकी परीक्षण कराकर आवश्यकतानुसार नालियों एवं ड्रेनेज सिस्टम का कार्य कराने और पानी के कारण जहां मिट्टी का कटान हुआ है, वहां मिट्टी का भराव कराने को कहा गया।

स्मृति शिलापट्टिका और पंचशील फ्लैग का प्रस्ताव

समिति पदाधिकारियों ने कहा कि बुद्धा पार्क के विकास, रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण में भारतीय जाटव समाज संस्था का विशेष सहयोग रहा है। इसलिए पार्क परिसर में संस्था के प्रति आभार व सम्मान व्यक्त करने हेतु एक स्मृति शिलापट्टिका स्थापित कर उस पर संस्था का नाम अंकित करने पर विचार किया जाए। साथ ही पार्क की परिधि में साल, सागौन, नीम, बोधिवृक्ष आदि के वृक्ष लगाने तथा भगवान बुद्ध के शांति, अहिंसा, समानता एवं सद्भाव के संदेश के प्रचार-प्रसार हेतु पंचशील फ्लैग लगाने का भी सुझाव दिया गया।

बैठक में सहायक अभियंता निर्माण जीवेक, सहायक अभियंता निर्माण हरिओम सिंह, एसएफआई सुदेश यादव, भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह और सेवानिवृत्त सहायक अधीक्षण उद्यानविद् (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) आर.आर.पी. सिन्हा उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh