आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को भी प्रवर्तन निदेशालय के समन पर पेश नहीं होंगे.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने आम आदमी पार्टी के हवाले से ये जानकारी दी है. ये ईडी का केजरीवाल को सातवां समन है लेकिन इस बार भी वो पेश नहीं होंगे.
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस पर कहा है कि अरविंद केजरीवाल को ‘विक्टिम कार्ड खेलने के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए.’
उन्होंने कहा, “आज अरविंद केजरीवाल ईडी के सातवें समन पर भी पेश नहीं हो रहे हैं. उन्हें विक्टिमहुड कार्ड का इस्तेमाल करने के लिए नोबेल मिलना चाहिए. पहले वो भ्रष्टाचार करते हैं फिर अत्याचार-अत्याचार चिल्लाते हैं.”
“केजरीवाल ईडी के समन को ग़ैर-क़ानूनी बताते हैं लेकिन उन्हें कोर्ट से तो कोई राहत नहीं मिली… ना ही मनीष सिसोदिया और संजय सिंह- जिसे केजरीवाल कट्टर ईमानदार कहते हैं- उन्हें कोर्ट से कोई राहत मिली.”
“सुप्रीम कोर्ट ने भी माना है कि 338 करोड़ की गड़बड़ी हुई है. जब आप अन्ना हजारे के साथ थे तो कहते थे- पहले इस्तीफ़ा फिर जांच. आज आप कहते हैं- नो इस्तीफ़ा, नो जांच.”
इससे पहले आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने दावा किया था कि आम आदमी पार्टी को धमकी मिली है कि “या तो वह इंडिया गठबंधन छोड़ दे या फिर अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार कर लिया जाएगा.”
दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे हो गए हैं. आम आदमी पार्टी चार सीट पर और कांग्रेस तीन सीट पर दिल्ली में चुनाव लड़ेगी.
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हरियाणा, दिल्ली, गुजरात और गोवा में एक साथ मिल कर चुनाव लड़ेंगी.
-एजेंसी
- संयुक्त राष्ट्र की बजट प्रक्रिया और वित्तीय स्थिति पर उच्चस्तरीय चर्चा: राजदूत हरीश पार्वथनेनी के साथ बैठक में शामिल हुए सांसद नवीन जैन - October 21, 2026
- आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात: किचन में खाना बना रही बहन पर बड़े भाई ने चलाई गोली, आईसीयू में भर्ती - October 21, 2026
- राहुल गांधी के अचानक विदेश दौरे पर सियासी घमासान: सवाल पूछने पर बोले शशि थरूर — “मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूँ” - October 21, 2026