रामभक्ति की शक्ति से गूंजा कमला नगर: नवज्योति द्वारा भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन

PRESS RELEASE

आगरा। पुरुषोत्तम मास की पवित्रता और रामभक्ति के रंग में सराबोर होकर कमला नगर स्थित अग्रवाल सेवा सदन में एक अद्भुत आध्यात्मिक दृश्य देखने को मिला। भारत विकास परिषद ‘नवज्योति’ के तत्वावधान में आयोजित भव्य ‘श्री सुंदरकांड पाठ एवं प्रसादी समारोह’ ने उपस्थित जनसमूह को भक्ति की गहरी अनुभूति कराई। प्रभु श्री राम और संकटमोचन हनुमान जी की आराधना में डूबे श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का श्रीगणेश वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन की रस्म संस्थापक प्रदीप अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, गौरव बंसल, डॉ. अमित सिंघल, संरक्षक अजय शिवहरे, अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल, सचिव नितिन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल और महिला सहभागिता प्रभारी मंजू गुप्ता ने संयुक्त रूप से संपन्न की। जैसे ही सुंदरकांड का सामूहिक पाठ शुरू हुआ, पूरा परिसर “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के नारों से गुंजायमान हो उठा।

प्रत्येक भक्त सुंदरकांड के प्रसंगों को एकाग्रचित्त होकर श्रवण कर रहा था, जिससे वातावरण में दिव्य शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा था। पाठ के उपरांत सभी को श्रद्धापूर्वक प्रसादी वितरित की गई।

अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल ने सुंदरकांड के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि, “सुंदरकांड केवल एक धार्मिक पाठ नहीं है, बल्कि यह जीवन में अदम्य साहस, आत्मविश्वास और सेवा का पाठ पढ़ाता है।” उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजन न केवल समाज में सकारात्मकता फैलाते हैं, बल्कि हमारे पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों को भी नई मजबूती प्रदान करते हैं।

सचिव नितिन अग्रवाल ने पुरुषोत्तम मास की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस विशेष काल में किया गया आध्यात्मिक अनुष्ठान जीवन की तमाम चुनौतियों से लड़ने का बल प्रदान करता है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी उपस्थित सदस्यों और भक्तों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने भारत विकास परिषद ‘नवज्योति’ की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि संस्था समाज सेवा के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने का कार्य निरंतर कर रही है। महिला सहभागिता प्रमुख मंजू रजनीश गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी भावी पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।

​कार्यक्रम के समापन पर सभी ने राष्ट्र, समाज और विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान उपाध्यक्ष संजय गुप्ता, अनुराग भटनागर, नीरज जैन, मोहित अग्रवाल, शेखर अग्रवाल, नीता अग्रवाल, शशि अग्रवाल, डॉ. जूही सिंघल, निधि अग्रवाल, डॉ. कल्पना अग्रवाल, रौनक गुप्ता, शिल्पी अग्रवाल, रजनीश गुप्ता, सुनील अग्रवाल, मयंक जैन, अतुल मंगल, रिंकू वर्मा, संजय गोयल, जितेंद्र जैन, गौतम जैन, कल्पना अग्रवाल, नितांशी जैन व सोनल गर्ग सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh