अयोध्या। तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंस आचार्य लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भविष्यवाणी की थी कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी 505 सीटें जीतेगी। इसके साथ ही उन्होंने एलान किया था कि कांग्रेस संसदीय दल की नेता व रायबरेली से सांसद सोनिया गांधी ने मेरे डर से रायबरेली से चुनाव लड़ना छोड़ा है।
लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद बड़बोले परमहंस आचार्य की दोनों भविष्यावाणी झूठी साबित हुई। पहली भारतीय जनता पार्टी 240 सीटों पर सिमट कर बहुमत की आंकड़ें को नहीं पहुंच पाई। अब बैशाखी के सहारे सत्तारूढ़ होने जा रही है। साथ ही रायबरेली लोकसभा सीट पर सोनिया गांधी के पुत्र राहुल गांधी तीन लाख से अधिक मतों से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह हराया है।
इसी बीच, तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंस आचार्य ने अयोध्या से भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह के हारने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भाजपा की हार नहीं हुई है, इसके पीछे एक रहस्य है। भाजपा ने जानबूझकर अयोध्या की सीट छोड़ी है। इसकी वजह यह है कि इंडिया गठबंधन ने यहां से एक दलित व्यक्ति को टिकट दिया था, जो बहुत बुजुर्ग हैं, इतने बुजुर्ग हैं कि उनका साल और 6 महीने चलना मुश्किल है। भाजपा के लिए बुजुर्गों और दलितों का सम्मान सर्वोपरि है।
जगतगुरु परमहंस आचार्य ने रामायण का जिक्र करते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के समय रामराज था। उस समय भगवान राम सभी की खबर रखते थे, चारों तरफ देखते थे, किसी को कोई कष्ट तो नहीं है। मंथरा, जो कि एक दलित महिला थी, उनके कहने पर प्रभु श्रीराम खुशी-खुशी 14 साल के लिए वन चले गए। उस समय एक दलित ने कहा था, मैं चाहता हूं भगवान राम माता सीता का परित्याग कर दें, तो प्रभु श्रीराम ने सीता का परित्याग कर दिया था।
परमहंस आचार्य ने आगे कहा कि भाजपा अयोध्या की सीट हारी नहीं है। इसको नरेंद्र मोदी ने जानबूझकर एक बुजुर्ग और दलित के सम्मान में छोड़ दिया है। अयोध्या में भाजपा कार्यकर्ता लल्लू सिंह कहते थे कि इस बार यहां पर दलित के सम्मान पर वोट देना चाहिए। यह एक बड़ी बात है और यही रामराज है, लोग इस बात को समझेंगे, तो वे जानेंगे कि नरेंद्र मोदी का व्यक्तित्व कितना बड़ा है, उनका दलित, गरीब और किसानों के प्रति कितना प्रेम है। यहां भाजपा हारी नहीं है, यहां से जीतने वाले प्रत्याशी बहुत बुजुर्ग हैं। आगे जब चुनाव होंगे, तो भाजपा यहां लाखों वोट से जीतेगी।
बता दें, अयोध्या की फैजाबाद सीट से समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद ने भाजपा के दो बार के सांसद लल्लू सिंह को 47,935 वोटों से हराकर जीत दर्ज की है। सपा उम्मीदवार को यहां से 5,54,289 वोट मिले हैं।
Compiled by up18news
- आगरा के खंदारी क्षेत्र में सड़क पर युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल - September 19, 2026
- आगरा में गणपति विसर्जन की अनूठी पहल: यमुना में सीधे विसर्जन पर रोक, प्रमुख घाटों पर बनाए गए गंगाजल से भरे कृत्रिम विसर्जन कुंड - September 18, 2026
- आगरा में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाला राधे मीना गिरफ्तार, फर्जी मुहरें और नियुक्ति पत्र बरामद - September 18, 2026