पैग़ंबर मोहम्मद पर बीजेपी के दो प्रवक्ताओं की कथित विवादित टिप्पणी के बाद इस्लामिक देशों के विरोध के बीच भारत दौरे पर आए ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि इस मामले में भारत सरकार की ओर से की गई कार्रवाई से संतुष्ट हैं.
ईरान के विदेश मंत्री हुसैन आमिर अब्दुलाहयन इस्लामिक सहयोग संगठन यानी ओआईसी सदस्य देशों के पहले नेता हैं, जिन्होंने पैग़ंबर विवाद छिड़ने के बाद भारत का दौरा किया है.
बीते रविवार को ही ईरान के विदेश मंत्रालय ने भारतीय राजदूत को समन भेजकर पैग़ंबर पर टिप्पणी के प्रति आपत्ति दर्ज की थी. ईरान के साथ ही क़रीब दर्जन भर देशों ने इस बयान पर आधिकारिक तौर पर विरोध दर्ज कराया था. बीजेपी ने बढ़ते विरोध को देख अपने एक प्रवक्ता को निलंबित और दूसरे को निष्कासित कर दिया था.
बीते साल ईरान के विदेश मंत्री का पदभार संभालने के बाद ये अब्दुलाहयन का पहला भारत दौरा है. इस दौरान उन्होंने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल से मुलाक़ात की और विदेश मंत्री एस.जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें दोनों नेताओं ने नागरिक और व्यावसायिक मामलों में परस्पर सहयोग के संबंध में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए.
ईरान के विदेश मंत्री गुरुवार को मुंबई में रहेंगे और इसके बाद वो हैदराबाद जाएंगे.
फ़ारसी भाषा में जारी बयान में ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि उन्होंने सत्ताधारी पार्टी के सदस्यों की ओर से दिए गए विवादित बयान का मुद्दा अजित डोभाल के सामने उठाया और इस पर मिली उनकी प्रतिक्रिया से अब्दुल्लाहयान संतुष्ट हैं.
ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है, “भारत पहुँचने के बाद से, मैंने महसूस किया है कि भारत सरकार सत्ताधारी पार्टी के सदस्य की टिप्पणी से सहमत नहीं है और उसे मज़बूती से ख़ारिज कर रही है.”
-एजेंसियां
- ताजनगरी नहीं, मंदिरों और शिव की नगरी है आगरा.. बल्केश्वर नाथ को समर्पित की गई साहित्यसेवी आदर्श नंदन गुप्ता की पुस्तक ‘आगरा के मंदिर’; संतों ने की सराहना - November 10, 2026
- यूपी की सियासत में ‘SIR’ पर गरमाया पारा: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले— निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है कि घर-घर जाकर हर पात्र मतदाता का नाम सूची में जोड़े - November 10, 2026
- यूपीडा के लिंक एक्सप्रेसवे टेंडर आवंटन पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला; कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाकार सरकार को घेरा - November 10, 2026