आगरा/फतेहपुर सीकरी। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के नगला रमले से नौ दिन पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 12 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। बच्ची के मिलते ही उसके पिता और दादा की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े, लेकिन इस बरामदगी के साथ ही जो खुलासा हुआ, उसने सबको चौंका दिया है। जांच में सामने आया कि बच्ची लापता नहीं थी, बल्कि उसे उसके ही सगे रिश्तेदारों ने अपने पास छिपाकर रखा था।
मां की मार से परेशान होकर छोड़ा घर
पुलिस की गहन पड़ताल के मुताबिक, 12 वर्षीय बच्ची अपनी मां के व्यवहार और प्रताड़ना से काफी परेशान थी। आरोप है कि बच्ची के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने घर छोड़ने का फैसला किया। इससे पहले भी वह नाराज होकर सिकंदरा के शास्त्रीपुरम स्थित अपनी मौसी राजकुमारी के घर चली गई थी, जिसे तब परिवार ने वापस ले आया था। इस बार 9 जुलाई को वह दोबारा घर से निकली और शाहगंज से अपनी मौसी राजकुमारी और मौसा प्रदीप के साथ चली गई।
संतान की चाहत में रिश्तेदारों ने बुना जाल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बच्ची की मौसी राजकुमारी और मौसा प्रदीप की कोई संतान नहीं है। बच्ची के प्रति उनका लगाव इतना गहरा था कि उन्होंने उसे अपने पास रखने की योजना बना ली। गुमशुदगी दर्ज होने और पुलिस की सक्रियता के बावजूद परिवार के मामा, नाना और अन्य रिश्तेदार गांव आते-जाते रहे, लेकिन किसी ने बच्ची के ठिकाने के बारे में पुलिस या पीड़ित पिता को कोई जानकारी नहीं दी।
धौलपुर से हुई बरामदगी
जब पुलिस को रिश्तेदारों की गतिविधियों पर संदेह हुआ, तो उन्होंने कड़ी पूछताछ शुरू की। कड़ाई के दौरान राज खुला कि मौसी ने बच्ची को धौलपुर (राजस्थान) में रहने वाली दूसरी मौसी ‘नन्ही’ के घर भेज दिया था। सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस की टीम धौलपुर पहुँची और 16 जुलाई को बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।
गुमराह करने वाले रिश्तेदारों पर होगी कार्रवाई
फतेहपुर सीकरी के प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह ने बताया कि बच्ची की मां को भी अंदेशा था कि बेटी कहाँ हो सकती है, लेकिन उसने भी पुलिस को गुमराह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शनिवार को बच्ची को कोर्ट में बयान के लिए पेश किया जाएगा। इसके बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे उसके पिता और दादा को सौंपा जाएगा।
पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि बच्ची की जानकारी छिपाने और जांच को भटकाने वाले सभी रिश्तेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- आगरा में भाजपा का ‘बूथ विजय’ संकल्प, 2027 चुनाव की तैयारी के लिए महानगर बैठक में फूंका जीत का मंत्र - July 18, 2026
- 9 दिन बाद मिली मासूम मनु: पुलिस की मुस्तैदी से सकुशल बरामद हुई 12 वर्षीय बालिका, मौसा गिरफ्तार, परिवार की लौटी मुस्कान - July 18, 2026
- डीग रेलवे स्टेशन का कायाकल्प: पीएम मोदी ने किया लोकार्पण, 15.24 करोड़ में मिलीं वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं - July 17, 2026