अखिलेश यादव के संभावित अयोध्या दौरे पर गरमाई यूपी की सियासत; बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले— ’12 नहीं, 6 दिसंबर को जाएँ और माँगे माफी’

POLITICS

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगामी अयोध्या दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर उबाल आ गया है। हाल ही में सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने दावा किया था कि अखिलेश यादव अपनी पत्नी और बच्चों के साथ आगामी 12 दिसंबर को भगवान रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे। इस घोषणा के सामने आने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने समाजवादी पार्टी पर आक्रामक रुख अपना लिया है।

पंकज चौधरी का तीखा तंज— “12 नहीं, 6 दिसंबर को जाएँ अखिलेश”

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंगलवार को अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन पर करारा प्रहार किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यदि यह दौरा कोई नया राजनीतिक पैंतरा नहीं बल्कि सच्चा पश्चाताप है, तो उन्हें 12 दिसंबर के बजाय 6 दिसंबर को राम मंदिर जाना चाहिए।

​पंकज चौधरी ने अपने पोस्ट में लिखा, “अगर भगवान श्रीराम पर ये नया पैंतरा नहीं, सच्चा पश्चाताप है! तो 12 नहीं, 6 दिसंबर को राम मंदिर जाइए। जिन सैकड़ों रामभक्तों की हत्या कराई उस महापाप पर माफी मांगिये। मत समझिये कि आपके पुराने पाप धुल जाएंगे, बल्कि इस रामभक्ति के स्वांग से बचा-खुचा अस्तित्व भी गंवाएंगे।”

1990 की कारसेवा और इतिहास का जिक्र

​राजनीतिक गलियारों में इस बयान के बाद 1990 के दशक के उन संवेदनशील दिनों की चर्चा फिर से तेज हो गई है। दरअसल, 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों की भारी भीड़ को विवादित ढांचे की ओर बढ़ने से रोकने के लिए तत्कालीन सरकार के निर्देश पर पुलिस ने गोलियां चलाई थीं, जिसमें कई कारसेवकों की जान चली गई थी। उस समय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव थे। भाजपा लगातार इसी घटना को लेकर समाजवादी पार्टी पर ‘रामभक्तों की हत्या’ का आरोप लगाती रही है।

दूसरी ओर, इस पूरे विवाद के बीच अखिलेश यादव ने पूर्व में संसद के भीतर इशारों-इशारों में इस प्रशासनिक कार्रवाई के लिए तत्कालीन प्रमुख सचिव नृपेंद्र मिश्र को जिम्मेदार ठहराया था। उल्लेखनीय है कि नृपेंद्र मिश्र वर्तमान समय में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निर्माण समिति के अध्यक्ष हैं। उस दौरान अखिलेश ने कटाक्ष करते हुए कहा था कि “जिन्होंने गोली चलाई थी, आज वही आपका राम मंदिर बना रहे हैं।”

​बहरहाल, 12 दिसंबर को संभावित इस दौरे और भाजपा के तीखे तेवर ने साफ कर दिया है कि आगामी दिनों में अयोध्या और राम मंदिर के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश की सियासत में पारा और अधिक चढ़ने वाला है।

Dr. Bhanu Pratap Singh