Ashok Jain CA second death anniversary

अशोक जैन सीए की द्वितीय पुण्यतिथि पर रामलाल आश्रम में जो हुआ वह ताजिन्दगी याद रहेगा, देखें तस्वीरें

PRESS RELEASE

Agra, Uttar Pradesh, India. समाजसेवा की अलख जगाने वाले आगरा विकास मंच के संस्थापक अध्यक्ष अशोक जैन सीए की द्वितीय पुण्यतिथि पर तीन बड़े काम हुए। ये हैं- रामलाल आश्रम में अशोक जैन सीए गौशाला का लोकार्पण, वृद्ध माता-पिता के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और बुजुर्गों का सम्मान। स्मृति सभा में सभी ने अशोक जैन सीए के सेवा कार्यों का स्मरण किया। उनकी स्मृति में विशाल स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिता कराने की घोषणा की गई। नेत्रदान, हृदय ऑपरेशन, ताज साहित्य उत्सव, एम्बुलेंस सेवा, पोस्टमार्टम गृह आदि सेवा प्रकल्पों को याद किया गया। सभी कार्यक्रम रामलाल आश्रम में हुए। रामलाल आश्रम की स्थापना भी अशोक जैन सीए ने की थी, जहां आज 350 बुजुर्गों और 400 गायों की सेवा की जा रही है। इन सेवा कार्यों में कोई सरकारी सहायता नहीं ली जाती है।

मंच के संयोजक सुनील कुमार जैन ने बताया कि छह माह के अथक प्रयासों के बाद परिवार ने गौशाला का निर्माण कराया है। गायों और नंदी के लिए अलग-अलग गौशाला बनाई गई है। साथ ही गाय आधारित चिकित्सा की सुविधा विकसित की गई है। विदेश की तरह यहां भी गायों के साथ खेलकर, गले लगाकर, सहलाकर स्वास्थ्य लाभ पा सकते हैं। गौशाला का लोकार्पण अशोक जैन सीए धर्मपत्नी शांता जैन, परिजन कविता जैन, ममता जैन, आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन, संयोजक सुनील कुमार जैन, आशीष जैन, सुशील जैन, डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. अरुण जैन, क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अशोक गोयल, बंटी ग्रोवर, कलमचंद जैन, सुशील जैन, रीनेश मित्तल आदि ने किया। इस दौरान ‘अशोक जैन सीए अमर रहें’ के नारे लगाए गए। सभी ने गायों को भुसी खिलाकर सेवा की। गौशाला में गायों और नंदी को खुले में भ्रमण की व्यवस्था भी की गई है।

Ashok Jain CA second death anniversary 2
Ashok Jain CA second death anniversary पर सेवा कार्य

रामलाल आश्रम के अध्यक्ष शिव प्रसाद शर्मा ने बताया कि यह गौशाला जैन परिवार ने समर्पित की है। अशोक जैन सीए के बारे में जितना कहा जाए कम है। संदेश जैन ने बताया कि शहर में आवारा, दुर्घटना तथा रोगों से पीड़ित गायों को लाया जाता है। उनकी सेवा मनोयोग से की जा रही है। मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन कहा कि अशोक जैन सीए का न होना हमें अखरता है। हमारा ध्येय है कि अशोक जैन सीए द्वारा दिखाए गए पीड़ित मानवता की सेवा के पथ पर आगे बढ़ना है।

पुण्य स्मृति सभा के मुख्य अतिथि कैलाश मंदिर के मंहत निर्मल गिरी ने कहा- अशोक जैन सीए के कार्यों को आगे बढ़ाना ही सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। उनके भाइयों से कहना है कि अशोक जैन सीए के प्रकल्पों को इसी तरह आगे बढ़ाएंगे।

क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अशोक गोयल ने कहा- संपूर्ण देश में दुर्घटना वाहन के लिए 108 नम्बर की शुरुआत आगरा से हुई थी। अशोक जैन सीए ने पीएनबी से सिर्फ 15 दिन के अंदर एम्बुलेंस दिला दी थी। पोस्टमार्टम गृह के लिए 10 लाख रुपये दिलाए।

प्रख्यात सर्जन डॉ. सुनील शर्मा ने कई किस्से सुनाकर सबको भावुक कर दिया और स्वयं इतना भावुक हो गए कि कई बार गला रुँध गया। उन्होंने कहा- 1800 लोगों के हृदय ऑपरेशन दिल्ली के बड़े हॉस्पिटल में कराए। एक महिला के बच्चे का प्रवेश सेंट पीटर्स में कराया था।

आयकर विशेषज्ञ अनिल वर्मा एडवोकेट ने कहा- अशोक जैन सीए ने अपना पूरा जीवन सामाजिक सेवा में लगा दिया। आगरा विकास मंच ने कोरोना काल में अनुकरणीय सेवा कार्य किए।

मंच के महामंत्री सुशील जैन ने कहा- ऐसा कोई दिन नहीं है जब अशोक जैन सीए को याद न किया जाता हो। वे बृज क्षेत्र में राजनीति के शिखर पर थे और उसे छोड़कर सेवा में आए, आगरा को सेवा नगरी बनाया। उनके कार्यों को राजुकमार जैन, सुनील कुमार जैन, आशीष जैन आगे बढ़ा रहे हैं।

डॉ. रमेश धमीजा ने कहा कि सेवा कार्यों के लिए हर समय तैयार हूँ और आगे भी रहूँगा।

हेल्प आगरा के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनी ने कहा- अशोक जैन सीए के सेवा कार्य कभी भुलाए नहीं जा सकते।

राष्ट्रीय खिलाड़ी रीनेश मित्तल ने कहा– अशोक जैन सीए ने भारतीय क्रिकेट टीम का अद्भुत स्वागत कराया था। मैं अशोक जैन सीए की स्मृति में खेलकूद प्रतियोगिता कराऊँगा, जो कोरोना के कारण नहीं हो सकी है।

शांति दूत बंटी ग्रोवर ने कहा- अशोक जैन सीए ने समाजसेवा के साथ आपसी भाईचारा को बढ़ाया। नेत्रदान प्रकल्प के कारण हजारों लोगों को रोशनी मिली है।

डेन केबल के प्रकाश गुप्ता ने कहा– अशोक जैन सीए के सेवा कार्य महान हैं।

Ashok Jain CA second death anniversary
Ashok Jain CA second death anniversary

अमर उजाला के सिटी चीफ धर्मेन्द्र यादव ने कहा- मैंने अशोक जैन सीए का जमाना देखा है। उनके सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना है।

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. भानु प्रताप सिंह ने कहा कि अशोक जैन सीए सबको साथ लेकर चले और जो चाहा वह पाया।

अंत में राजकुमार जैन ने आश्वासन दिया कि अशोक जैन सीए भाईसाहब ने जो कार्य किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए परिवार और आगरा विकास मंच सदैव समर्पित रहेगा।

वरिष्ठ पत्रकार अरविन्द शर्मा गुड्डू ने धन्यवाद देते हुए कहा कि अशोक जैन सीए के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाते रहें। उनका मिशन कमजोर न पड़ने पाए। सभा का शुभारंभ अशोक जैन सीए के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत शिव प्रसाद शर्मा ने किया। मंच के प्रवक्ता संदेश जैन ने सरस संचालन किया।

इससे पूर्व निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। सभी बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। ईसीजी भी किए गए। डॉ. सुनील शर्मा के नेतृत्व में यह शिविर लगा। अधिकांश बुजुर्ग हड्डी रोगों से पीड़ित पाए गए। बिना मास्क के शिविर स्थल पर प्रवेश की अनुमति नहीं थी। डॉ. अरुण जैन ने भी सेवाएं दीं।

समर्पण ब्लड बैंक से बृजमोहन अग्रवाल, अजय कंसल, डॉ. बीके अग्रवाल, डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ, शलभ शर्मा, राजीव खरड़, विमल जैन, कमल चंद जैन, ध्रुव जैन, विजय सेठिया, निखिल जैन, अतिन जैन, राजेश सकलेचा, विनय वागचर आदि ने भी अशोक जैन सीए को श्रद्धांजलि दी।

Dr. Bhanu Pratap Singh