आगरा: ताजनगरी की राजनीति में इन दिनों भारतीय जनता पार्टी (BJP) का एक होर्डिंग चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यह होर्डिंग भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के कार्यकाल का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा होने पर उन्हें बधाई देने के लिए लगाए गए थे, लेकिन इनमें हुई एक ‘तकनीकी’ और ‘हास्यास्पद’ गलती ने पार्टी की जमकर फजीहत करा दी है।
नया पद: ‘जिला अध्यक्ष महानगर’
हैरानी की बात यह है कि इन होर्डिंग्स में राजकुमार गुप्ता को ‘जिला अध्यक्ष महानगर’ के रूप में सुशोभित किया गया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा के संविधान में ‘जिला अध्यक्ष’ और ‘महानगर अध्यक्ष’ दो अलग-अलग पद होते हैं, लेकिन आगरा में उत्साह के अतिरेक में एक नया ही पद ईजाद कर दिया गया। जिसने भी इस होर्डिंग को देखा, वह अपनी तीखी प्रतिक्रिया देने से खुद को नहीं रोक सका।
बधाई के नाम पर बना दिया ‘हंसी का पात्र’
शहर भर में लगे इन होर्डिंग्स पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा है “शानदार रहा यह सफर अब और आगे बढ़ाने की बारी, राजकुमार गुप्ता जिला अध्यक्ष महानगर आगरा बनने के उपरांत 1 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।”
सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतने बड़े स्तर पर होर्डिंग छपने और लगने से पहले किसी जिम्मेदार पदाधिकारी की नजर इस गलती पर क्यों नहीं पड़ी? लोग पूछ रहे हैं कि क्या पार्टी के भीतर पदों की गरिमा और नाम को लेकर इतनी लापरवाही बरती जा रही है?
कैमरे में कैद हुई चूक
जब हमारी टीम की नजर इन होर्डिंग्स पर पड़ी, तो यह साफ दिखा कि बधाई देने वाले ने अनजाने में या जल्दबाजी में महानगर अध्यक्ष को एक ऐसे पद से नवाज दिया जो अस्तित्व में ही नहीं है। इस चूक ने राजकुमार गुप्ता के ‘शानदार सफर’ के जश्न में किरकिरी का तड़का लगा दिया है। फिलहाल, विपक्षी दलों के साथ-साथ आम जनता के बीच भी यह होर्डिंग ‘मजाक’ का विषय बना हुआ है।
- ताजनगरी में सीएम योगी का ‘राधे-राधे’, आगरा को जल्द मिलेगा ‘इंटरनेशनल एयरपोर्ट’, 342 करोड़ की परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास - July 25, 2026
- रिश्तों में ‘आंगन’ बना रहे, दीवार नहीं…रेडियो मधुबन के कार्यक्रम में कवि कुमार ललित ने बिखेरे पारिवारिक मूल्यों के मोती - July 25, 2026
- 200 साल पुरानी परंपरा: भगवान जगन्नाथ मंदिर में देवशयनी एकादशी पर भक्ति की बयार, पांचवीं पीढ़ी संभाल रही सेवा का जिम्मा - July 25, 2026