आगरा में बिजनेस पार्टनरशिप के नाम पर लाखों की ठगी: खाटू श्याम में गेस्ट हाउस का झांसा देकर वसूले 22 लाख, मुकदमा दर्ज

Crime

आगरा: शाहगंज थाना क्षेत्र में बिजनेस पार्टनरशिप के बहाने एक डॉक्टर को लाखों रुपये का चूना लगाने का मामला सामने आया है। राजस्थान के खाटू श्याम में गेस्ट हाउस व्यवसाय में साझेदारी का झांसा देकर दंपति द्वारा की गई ठगी का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस की शरण ली। फिलहाल, पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर साक्ष्यों की पड़ताल शुरू कर दी है।

​मुनाफे का लालच और निवेश का जाल

शाहगंज निवासी डॉ. पी.के. सिंह का आरोप है कि पीयूष बंसल और शालिनी बंसल ने उन्हें खाटू श्याम में गेस्ट हाउस कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाया था। दंपति के विश्वास में आकर डॉ. सिंह ने चरणबद्ध तरीके से कुल ₹22.42 लाख का निवेश किया। शुरुआत में सब कुछ सही प्रतीत हुआ, लेकिन निवेश के बाद से ही आरोपितों ने मुनाफे और मूलधन लौटाने के मामले में टालमटोल शुरू कर दी।

​फर्जी UTR से दी चकमा

इस ठगी का सबसे चौंकाने वाला पहलू ‘फर्जी ट्रांजैक्शन’ है। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपितों ने उन्हें बैंक के फर्जी UTR नंबर भेजे, ताकि वे विश्वास कर सकें कि भुगतान कर दिया गया है। बैंक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उनके खाते में कोई राशि नहीं आई थी। पीड़ित का कहना है कि कुल निवेश में से अब तक मात्र ₹9.44 लाख ही लौटाए गए हैं, जबकि ₹12.97 लाख की बड़ी धनराशि अभी भी आरोपितों के पास फंसी हुई है।

​रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी

मामले में तनाव तब और बढ़ गया जब डॉक्टर ने बकाया रकम के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि आरोपितों ने रुपये वापस करने के बजाय डॉ. सिंह को जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। इस अप्रत्याशित रुख के बाद पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराते हुए अपनी जान-माल की सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस की जांच में क्या है?

शाहगंज पुलिस ने डॉ. सिंह की तहरीर पर पीयूष बंसल और शालिनी बंसल के विरुद्ध धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपितों द्वारा भेजे गए फर्जी UTR नंबरों, बैंक लेनदेन और निवेश संबंधी दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही आरोपितों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh