खंदौली (आगरा)। ताजनगरी के खंदौली कस्बे में सूदखोरों का खौफनाक चेहरा सामने आया है। यहाँ व्यापारी मोहल्ला में अवैध ब्याज वसूली को लेकर करीब एक दर्जन हमलावरों ने एक युवक पर हॉकी, सरिया और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
50 हजार के बदले चुकाए 2 लाख, फिर भी 10 लाख की मांग
पीड़ित साकिब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके ताऊ शकील ने इलाज के लिए प्रधान राजकुमार के भाई दशरथ से महज 50 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि 15 रुपये प्रति सैकड़ा की भारी ब्याज दर पर अब तक मूलधन समेत करीब 2 लाख रुपये चुकाए जा चुके हैं। इसके बावजूद सूदखोर संतुष्ट नहीं हुए और अब ताऊ से 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे थे।
घर में घुसकर किया जानलेवा हमला
सोमवार को प्रधान राजकुमार, दशरथ, भूरा, ननका समेत करीब 10-12 लोग साकिब के घर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने साकिब को जमीन पर गिराकर बेदर्दी से पीटा। लोहे की सरिया और हॉकी के वार से युवक के पैर टूट गए हैं और वह गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना का वीडियो वायरल होते ही खंदौली थाना पुलिस एक्शन में आई है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ अवैध ब्याज वसूली और जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और किसी भी सूदखोर को बख्शा नहीं जाएगा।
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: देर रात 34 IAS अधिकारियों के तबादले, 14 जिलों के बदले गए जिलाधिकारी - September 22, 2026
- श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम: आगरा के रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर में आयोजित हुआ भव्य पौष पत्री भंडारा, उमड़े श्रद्धालु - September 22, 2026
- आगरा रामलीला मैदान का निरीक्षण: टूटा मंच, फैली गंदगी और नहीं हटीं झोपड़ियां; महापौर हेमलता दिवाकर ने दिए तीन-चार दिन में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश - September 21, 2026