सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

आगरा में कारीगर की आंख में मिर्च झोंककर 33 किलो चांदी लूटी

Crime REGIONAL

घटना से पुलिस महकमें में मचा हड़कप, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

Agra (Uttar Pradesh, India). थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र में बुधवार को बदमाशों ने दिन दहाड़े दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। अपाचे सवार बदमाश नवलगंज निवासी रिंकू की आंख में मिर्च झोंककर चांदी से भरा हुआ बैग लूटकर भाग गए। दिन दहाड़े हुई लूट की घटना से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। मौके पर एस पी सिटी विकास कुमार व सीओ छत्ता सुकन्या शर्मा फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

ये है मामला
नवलगंज निवासी रिंकू पुत्र सोहन बाबू चांदी की पायल बनाने का काम करता है। वह पायल बनाकर दुकानों में सप्लाई करता है। पीड़ित द्वारा बताया गया कि वह आज 33 किलो चांदी लेकर घर से निकला था। तभी रास्ते में उसका पीछा कर रहे बाइक सवारों ने उसकी आंखों में मिर्च झोंक दी और चांदी से भरा थैला लेकर फरार हो गए।

पुलिस महकमें में मचा हड़कंप
पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। दिन दहाड़े लूट की सूचना मिलने से महकमें में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर एस पी सिटी विकास कुमार व सीओ छत्ता सुकन्या शर्मा फोर्स के साथ पहुंच गए। अधिकारियों ने पीड़ित से घटना की जानकारी ली। जिसके बाद पुलिस ने बदमाशों को तलाशने का प्रयास किया। लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

ये बोले पुलिस अधिकारी
एस पी सिटी विकास कुमार ने बताया है कि मामले में पीड़ित ने तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना का खुलासा करने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही पुलिस घटना का खुलासा कर देगी।