उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में आध्यात्मिक प्रवचन और गीता ज्ञान के नाम पर युवतियों को अपने प्रभाव में लेकर कथित शोषण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में साधु वेश में रह रहे अभिषेक मिश्रा नामक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आईआईटी रुड़की से बीटेक की पढ़ाई की थी और लंबे समय से राधाकुंड क्षेत्र में रहकर ऑनलाइन प्रवचन करता था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यम से युवतियों से संपर्क बनाता था। आरोप है कि वह धार्मिक और आध्यात्मिक बातों के जरिए युवतियों का भरोसा जीतकर उन्हें अपने प्रभाव में लेता था। हाल ही में छत्तीसगढ़ की एक छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
छात्रा की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ निवासी बीएससी नर्सिंग की छात्रा ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह 15 मई को अपनी बड़ी बहन से मिलने मथुरा आई थी। उसकी बहन राधाकुंड क्षेत्र में किराए पर रहकर इंटर्नशिप कर रही थी और एक कीर्तन मंडली से जुड़ी हुई थी। दोनों बहनें 17 मई को जन्मदिन साथ मनाने की तैयारी कर रही थीं।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास उनके कमरे पर पहुंचा और दूध देते हुए उसे “भगवान का प्रसाद” बताया। युवती के मुताबिक, मना करने के बावजूद आरोपी ने प्रसाद कहकर दूध पीने का दबाव बनाया। दूध पीने के कुछ देर बाद उसे चक्कर आने लगे और वह अचेत जैसी स्थिति में पहुंच गई।
अश्लील हरकत और धमकी देने का आरोप
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि अगले दिन आरोपी दोबारा कमरे पर आया और उसकी तबीयत पूछने के बहाने अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि घर लौटने के बाद आरोपी लगातार अलग-अलग नंबरों से फोन कर धमकियां देता रहा। उसने दावा किया कि उसके पास नहाते समय का वीडियो है और उसे वायरल कर देगा।
राधाकुंड से आरोपी गिरफ्तार
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद युवती के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए गए। बयान में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की और सोमवार शाम आरोपी को राधाकुंड स्थित उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को वहां दो युवतियां भी मिलीं। इनमें एक बिलासपुर और दूसरी मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली बताई गई। पुलिस ने दोनों युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
युवतियों को नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों युवतियों की मानसिक स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई। परिजनों की सहमति के बाद उन्हें नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी युवतियों को कथित तौर पर नशीले पदार्थ देता था या नहीं।
ऑनलाइन प्रवचन के जरिए बनाता था संपर्क
जांच में सामने आया है कि अभिषेक मिश्रा मूल रूप से ओडिशा के फोरदा क्षेत्र का रहने वाला है और कई वर्षों से राधाकुंड में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि वह शिक्षित युवक-युवतियों को ऑनलाइन गीता ज्ञान और आध्यात्मिक शिक्षा के जरिए अपने संपर्क में लाता था।
एसपी देहात के मुताबिक, आरोपी के आश्रम में करीब दो दर्जन युवक-युवतियां रह रहे थे। पूरे नेटवर्क और गतिविधियों की जांच जारी है।
विश्व हिन्दू परिषद ने भी जताई चिंता
कानपुर से आए विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता राजेश गिरी ने बताया कि पिछले करीब एक महीने से इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा था। संगठन से जुड़े लोगों का दावा है कि आरोपी धार्मिक गतिविधियों की आड़ में युवाओं को प्रभावित कर रहा था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और शोषण, नशीले पदार्थों के इस्तेमाल तथा अन्य संभावित मामलों की जांच जारी है।
- नई पार्टी की अफवाहों के बीच के. अन्नामलाई की भाजपा मुख्यालय में बैठक, जल्द हो सकता है बड़ा ऐलान - June 2, 2026
- ममता बनर्जी का भाजपा पर बड़ा आरोप: ‘अभिषेक बनर्जी को जान से मारने की कोशिश, दिल्ली तक करेंगे आंदोलन’ - June 2, 2026
- Agra News: बिल्डर मून गोयल को नहीं मिली कोर्ट से राहत, फर्जी बैनामा मामले में अग्रिम जमानत याचिका खारिज - June 2, 2026