आगरा। डिजिटल युग में ऑनलाइन दोस्ती का खतरा अब डरावने रूप में सामने आ रहा है। सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई एक साधारण पहचान आगरा की एक युवती के लिए भयावह अनुभव बन गई। ताजगंज क्षेत्र में रहने वाली युवती को उसके ही ऑनलाइन मित्र ने निजी तस्वीरों के सहारे ब्लैकमेल किया, बदनाम किया और यहां तक कि हथियार लेकर उसके घर तक पहुंच गया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, थाना ताजगंज क्षेत्र के एडीए हाइट्स फेस-2 निवासी युवती ने रिपोर्ट दी है कि अभिषेक यादव नामक युवक ने सोशल मीडिया पर दोस्ती के बहाने उसके साथ विश्वासघात किया। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने पर मुलाकातें भी शुरू हुईं। इसी दौरान आरोपी ने युवती के भरोसे का दुरुपयोग करते हुए उसकी निजी तस्वीरें अपने पास रख लीं।
बाद में जब युवती ने संबंध आगे बढ़ाने या शादी से इनकार किया, तो अभिषेक यादव ने धमकी दी कि वह उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड कर देगा। कुछ ही दिनों बाद उसने धमकी को अंजाम देते हुए तस्वीरें विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर वायरल कर दीं, जिससे युवती की प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो उसने घमकाते हुए कहा कि “मेरे पिता पुलिस में हैं, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” इसके बाद वह अपने साथियों के साथ हथियार लेकर उसके घर पहुंच गया। वहां उसने परिजनों से अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले से युवती के घर की रेकी भी की थी और उसके भाई को फोन पर गालियां दी थीं।
पुलिस कार्रवाई:
थाना ताजगंज पुलिस ने अभिषेक यादव, उसके पिता विजय किशोर यादव और अन्य साथियों के खिलाफ आईटी एक्ट, ब्लैकमेलिंग, धमकी और अभद्र व्यवहार की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार है, और पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
यह मामला न केवल एक व्यक्तिगत अपराध है, बल्कि साइबर सुरक्षा के बढ़ते खतरे की सख्त चेतावनी भी है। सोशल मीडिया पर रिश्तों में अंधा भरोसा अब खतरनाक साबित हो सकता है। यह घटना बताती है कि डिजिटल दुनिया में भरोसा ही सबसे बड़ा हथियार बन गया है — और निजता, एक पल में खतरे में पड़ सकती है।
- आगरा में 10 साल की बालिका से सामूहिक दुष्कर्म का मामला; पॉक्सो कोर्ट ने पांच साल बाद तीनों दोषियों को सुनाई उम्रकैद और 50-50 हजार का जुर्माना - November 8, 2026
- आगरा में दो अलग-अलग दर्दनाक हादसे; फतेहपुर सीकरी में रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात शव, शमसाबाद में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत - November 8, 2026
- “12 दिसंबर को परिवार संग अयोध्या आएंगे अखिलेश यादव…”: पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने किया बड़ा ऐलान, हनुमानगढ़ी में भी करेंगे दर्शन-पूजन - November 8, 2026