आगरा (बाह): नियति का क्रूर खेल देखिए, जिस घर में खुशियां लौटने वाली थीं, वहां मातम पसर गया। आगरा के बाह थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने 27 वर्षीय देवेंद्र की जान ले ली। देवेंद्र अपनी नाराज पत्नी को ससुराल से वापस लाने गया था, लेकिन घर लौटते समय रास्ते में एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी जिंदगी की डोर काट दी।
विवाद सुलझाने की कोशिश बनी आखिरी सफर
जानकारी के अनुसार, जैतपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुरा निवासी देवेंद्र पुत्र दशरथ जयपुर में नौकरी करता था। तीन दिन पहले फोन पर हुए मामूली विवाद के बाद उसकी पत्नी नाराज होकर मायके (चौरंगाहार) चली गई थी। पत्नी को वापस लाने के लिए देवेंद्र दो दिन पहले ही गांव आया था। रविवार को वह अपनी बाइक से ससुराल पहुंचा, लेकिन पत्नी ने उस वक्त साथ आने से इनकार कर दिया। मायूस देवेंद्र अकेले ही घर लौट रहा था, तभी बड़ागांव के पास मौत ने उसे घेर लिया।
तेज रफ्तार वाहन ने कुचलीं खुशियां
बड़ागांव के पास एक अज्ञात वाहन ने देवेंद्र की बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह सड़क पर दूर जा गिरा। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे लहूलुहान हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाह पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि देवेंद्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
पीछे रह गया सिसकता परिवार और उम्र भर का मलाल
देवेंद्र अपने परिवार का बड़ा बेटा था। उसकी मौत के बाद तीन मासूम बेटियों प्रतिज्ञा, आराध्या और साराध्या के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। गांव में मातम पसरा है और हर किसी की आंख नम है।
इस हादसे ने देवेंद्र की पत्नी के लिए कभी न खत्म होने वाला दर्द छोड़ दिया है। जिस पति को उसने नाराजगी में खाली हाथ लौटा दिया था, उसे क्या पता था कि वह आखिरी बार उसे देख रही है। अब ताउम्र यह मलाल उसके सीने में दफन रहेगा कि काश… उस दिन वह मान गई होती।
रिपोर्टर- नीरज परिहार
- लखनऊ में मोबाइल किश्त न चुकाने पर रिकवरी एजेंटों ने मजदूर को चार दिन तक बंधक बनाकर निकाला खून, गोमती में फेंकने की धमकी - September 15, 2026
- आगरा में NEET पास छात्र निकला ट्रेनों का शातिर चोर: गर्लफ्रेंड के कैंसर के इलाज और ऐशो-आराम के लिए खड़ा किया चोरी का नेटवर्क, 25 लाख के जेवर बरामद - September 15, 2026
- आगरा के प्राचीन श्री सिद्धिविनायक मंदिर में 66वें गणेश महोत्सव के तहत हुआ विशाल भंडारे का आयोजन, हजारों भक्तों ने पाई प्रसादी - September 15, 2026