
मिर्जापुर। राजगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह मिर्जापुर–सोनभद्र संपर्क मार्ग पर भांवा बाज़ार के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली में बैठे लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक मड़िहान थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव का परिवार सोनभद्र के घोरावल थाना क्षेत्र स्थित धनवाल गांव में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। सुबह भांवा बाजार के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली कुछ देर के लिए सड़क किनारे खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर उस पर चढ़ गया।
दो मृत, चार घायल
हादसे में 55 वर्षीय शंकर और 15 वर्षीय संदीप की मौके पर मौत हो गई। जबकि भगवानी (60), प्रेम (50), रंजन (18) और रीमा (15) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
ट्रक चालक फरार
मौके पर पहुंचे एएसपी (ऑपरेशन) मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक जांच में ट्रक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह प्रतीत हो रही है। टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया। ट्रक को कब्जे में लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
खुशी से लौट रहा परिवार कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। स्थानीय लोगों ने मिर्जापुर–सोनभद्र मार्ग पर लगातार बढ़ रहे हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से निगरानी बढ़ाने और भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- आरडी पब्लिक स्कूल Agra: शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा निखार का उत्कृष्ट केंद्र - April 10, 2026
- ज्ञान की दीपशिखा: मन्नाश्री चौहान ने रचा इतिहास, डीईआई आगरा की बनीं टॉपर - April 10, 2026
- इलाहाबाद हाई कोर्ट की तल्ख टिप्पणी— हनीट्रैप के चलते खतरे में सभ्य समाज; जबरन वसूली करने वालों पर तत्काल एक्शन के आदेश - April 2, 2026