आगरा: विश्व संवाद केंद्र द्वारा आयोजित एक गरिमामयी पत्रकार सम्मान समारोह में पत्रकारिता के स्वरूप, राष्ट्र निर्माण में मीडिया के योगदान और सत्यनिष्ठ पत्रकारिता के महत्व पर गहन विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शहर के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पत्रकारिता के उच्च आदर्शों को राष्ट्र की प्रगति के लिए अनिवार्य बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात आए हुए अतिथियों का स्वागत किया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चुनिंदा व्यक्तित्वों का सम्मान रहा।
समारोह के मुख्य वक्ता, क्षेत्र प्रचार प्रमुख पदम सिंह ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि भारतीय पत्रकारिता की असली ताकत राष्ट्रवाद, सत्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी है।
उन्होंने भारतीय और विदेशी पत्रकारिता के दृष्टिकोण में मौजूद अंतर को स्पष्ट करते हुए बताया कि हमारी पत्रकारिता ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र निर्माण की यात्रा तक समाज को सदैव दिशा दिखाने का कार्य किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पत्रकारिता का अर्थ केवल सूचनाओं का प्रसारण नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाना भी है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की 100 वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए इसे धैर्य, समर्पण और राष्ट्र सेवा का उत्कृष्ट प्रतीक बताया।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं नेटवर्क-18 के वरिष्ठ पत्रकार अमित पाण्डेय ने पत्रकारिता को महज एक पेशा न मानकर राष्ट्र सेवा का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने पत्रकारों का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने कर्तव्यों के निर्वहन में सदैव ‘नेशन फर्स्ट’ (राष्ट्र प्रथम) के सिद्धांत को सर्वोपरि रखें।
उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष, तथ्यपरक और उत्तरदायी पत्रकारिता को अत्यंत आवश्यक बताते हुए मीडिया बंधुओं को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का आग्रह किया।
समारोह की अध्यक्षता डॉ. अशोक रैना ने की। उन्होंने पत्रकारिता के शाश्वत मूल्यों को संजोकर रखने पर बल देते हुए नई पीढ़ी के पत्रकारों को सत्य और निष्पक्षता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे हेमंत उपाध्याय ने प्रस्तुत किया। मंच का कुशल संचालन अशोक चौबे और सीए संजीव सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस विशेष अवसर पर कीर्ति जी (प्रांत प्रचार प्रमुख), मनमोहन निरंकारी (सह प्रांत प्रचार प्रमुख), सीए पंकज मिश्रा, विजय गोयल, दिनेश शर्मा, रजत सिंघल, डॉ. राहुल कप्तान, विनीत शर्मा, मनी चड्ढा, अभिषेक फौजदार, राजीव एवं अनुज सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, प्रबुद्ध जन और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
- भारत विकास परिषद ‘अमृतम्’ का योग संदेश: डिफेंस एस्टेट में आयोजित शिविर में गूंजे स्वस्थ जीवन के संकल्प - June 21, 2026
- आगरा पुलिस की बड़ी कामयाबी: सिकंदरा में ठेकेदार पर हमले और लूट के प्रयास के तीन आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार - June 21, 2026
- आगरा में सामूहिक विवाह योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा: 1240 आवेदन निरस्त, पहले से विवाहित महिलाओं ने किया था आवेदन - June 21, 2026