यौन उत्पीड़न की FIR के बाद हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह का इस्तीफा – Up18 News

यौन उत्पीड़न की FIR के बाद हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह का इस्तीफा

POLITICS

 

एक महिला कोच ने हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के लिए शिकायत दर्ज कराने के एक दिन बाद चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार को उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। संदीप सिंह पर महिला कोच ने पीछा करने, अवैध रूप से बंधक बनाने, यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया था, जिसके बाद उनके ऊपर एफआईआर दर्ज की गई।

ओलंपियन और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह के खिलाफ शनिवार रात सेक्टर 26 पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई। एफआईआर दर्ज होने के बाद संदीप सिंह ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

संदीप सिंह ने अपने पद से इस्तीफा देने के बाद अपने ऊपर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, “मेरी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। मुझे उम्मीद है कि मुझ पर लगाए गए झूठे आरोपों की गहन जांच होगी। जांच रिपोर्ट आने तक मैं मुख्यमंत्री को खेल विभाग की जिम्मेदारी सौंपता हूं।”

चंडीगढ़ के सेक्टर 26 के थाने में दर्ज हुई BJP नेता के खिलाफ FIR

पुलिस ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रह चुके भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता संदीप सिंह के खिलाफ शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। इस संबंध में पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, “हरियाणा की एक महिला कोच की शिकायत के आधार पर चंडीगढ़ के सेक्टर 26 थाने में दिनांक 31.12.2022 को भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354ए, 354बी, 342, 506 के तहत मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच जारी है।”