Agra, Uttar Pradesh, India. क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल आगरा में, शारदीय अवकाश से पहले विद्यालय के अंतिम दिन क्रिसमस पार्टी का आयोजन किया गया। आयोजन में विभिन्न कक्षाओं के लिए विभिन्न प्रकार के क्रियाकलाप निर्धारित किए गए थे। प्रार्थना स्थल को क्रिसमस थीम पर सजाया गया। चमचमाते क्रिसमस ट्री, स्नोमैन और विविध आकारों के छोटे बड़े सेंटा सभी को आकर्षित कर रहे थे।
सेंटा की वेषभूषा में आए छोटे–छोटे बच्चे इस आकर्षण में विशेष भूमिका निभा रहे थे। क्रिसमस क्राफ्ट, विविध प्रकार के झूले, रोचक कार्यकलाप, रंगबिरंगी सजावट सभी ने मिलकर क्रिसमस समारोह को भव्य बना दिया था। सुबह से ही फाउन्डेशन ग्रुप के छात्र आकर्षक कार्यकलापों में व्यस्त हो गए। कहीं रंग भरना था, कहीं बॉल फेंकने वाले खेल थे तो कहीं गिलास की मीनार बनानी थी।

सेंटा से बनाया गया सेल्फी पाइंट बच्चों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा था। इन क्रियाकलापों के साथ मनोरंजन करने के बाद बच्चे मस्ती भरे गानों पर जमकर थिरके। उनके चमकते हुए चेहरे उनकी खुशी को बयां कर रहे थे। बच्चों को यीशू के जन्मदिन पर आधारित एक फिल्म भी दिखाई गई। अंत में छात्रों ने क्रिसमस क्राफ्ट क्रियाकलाप किए। क्राफ्ट में बच्चों ने घंटियाँ, सेंटा, क्रिसमस ट्री, स्नो मैन, सेंटा की छड़ी, सेंटा के जूते – मोजे और अन्य सजावटी सामान आदि आकर्षक चीजें बनाई। इस सबके बीच सेंटा की वेशभूषा में घूमते विद्यालय के अध्यापक बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। बच्चे उनके साथ फोटो खिंचवा रहे थे, डांस कर रहे थे और हाथ मिला रहे थे। पूरा दिन मस्ती और धमाल से भरा हुआ था।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों के जीवन में नैतिक मूल्यों का समावेश करने के उद्देश्य से एक और क्रियाकलाप का आयोजन किया गया था। इसके तहत छात्र ज़रूरतमंदों में वितरित करने हेतु राशन बाक्स, हाइजिन बॉक्स, विंटर बॉक्स और हैप्पीनेस बॉक्स बनाकर लाए थे।

विद्यालय के प्रबंधक स्पर्श बंसल ने इस अवसर पर कहा कि विद्यालय में इस प्रकार त्योहारों का आयोजन सर्व धर्म समभाव की भावना का विकास करता है और हमारी संस्कृति को आगे बढ़ाता है। प्रधानाचार्या सुश्री रंजीता रानी ने अपने वक्तव्य में कहा कि हम अपने छात्रों में सांस्कृतिक और नैतिक गुणों का विकास करने का पूरा प्रयास करते हैं। त्योहारों के अवसर पर जहां सभी अपने लिए कपड़े, खिलौने मिठाइयां और बहुत से सामान खरीदते हैं वही जरूरतमंदों की आवश्यकता को पूरा करने के लिए प्रेरित करना और परोपकार की भावना का विकास करना छात्रों में मानवीय गुणों को विकसित करता है। हमारा उद्देश्य छात्रों के संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास करना है।
- लोकसभा में गूंजी ब्रज की आवाज: सांसद राजकुमार चाहर ने उठाई ‘स्पेशल पैकेज’ की मांग, TTZ बाधाओं पर जताई चिंता - March 12, 2026
- आगरा स्कूल बस हादसा: मासूम नैना की मौत के बाद एक्शन में प्रशासन, स्कूल की मान्यता रद्द करने की संस्तुति, जर्जर बस में सीढ़ी की जगह लगी थी लकड़ी की तख्ती - March 12, 2026
- आगरा में ‘फाइनेंस माफिया’ का नंगा नाच: बीमार मां को अस्पताल ले जा रहे युवक की बीच सड़क छीनी बाइक, बोले- थाने को 50 हजार महीना देते हैं… - March 12, 2026