आगरा में गैस और ईंधन का संकट मात्र अफवाह: DSO ने कहा— ‘स्टॉक पर्याप्त है, पैनिक बुकिंग से बचें’

स्थानीय समाचार

आगरा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा संकट की खबरों के बीच आगरा जिला प्रशासन ने जनपद की स्थिति स्पष्ट की है। जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) श्री आनन्द कुमार सिंह ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि आगरा में घरेलू गैस, पेट्रोल, डीजल और सीएनजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

बुकिंग के 2 से 3 दिन में मिलेगा सिलेंडर

​DSO ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है। जनपद के सभी घरेलू कनेक्शनधारकों को उनकी गैस बुकिंग के 02 से 03 दिन के भीतर आसानी से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

​बुकिंग के लिए नए नियम और हेल्पलाइन

प्रशासन ने गैस आपूर्ति को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए कुछ दिशा-निर्देश और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:

​25 दिन का अंतराल: अब घरेलू गैस सिलेंडर की दोबारा बुकिंग पिछली बुकिंग के 25 दिन बाद ही की जा सकेगी।

​ऑनलाइन बुकिंग नंबर: उपभोक्ता 8454955555 या 7718955555 पर कॉल करके अपनी बुकिंग दर्ज करा सकते हैं।

​निर्बाध आपूर्ति: पीएनजी (PNG) और सीएनजी (CNG) की सप्लाई भी बिना किसी रुकावट के जारी है।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

​जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, इसलिए पैनिक होकर अतिरिक्त भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ईंधन की कमी को लेकर अफवाह फैलाता है, तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

शिकायत और सहायता के लिए:

किसी भी समस्या या कालाबाजारी की सूचना देने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय, आगरा के कंट्रोल रूम नंबर 0526-2972453 पर संपर्क किया जा सकता है।

Dr. Bhanu Pratap Singh