आनंदी भैरों-गिजौली के बीच 147 करोड़ के यमुना पुल का शिलान्यास, आगरा-एत्मादपुर के बीच आसान होगा सफर, केंद्रीय मंत्री बघेल और विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने किया भूमि पूजन

स्थानीय समाचार

आगरा। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित सपना आखिरकार साकार होने की दिशा में आगे बढ़ गया है। मंगलवार को डेरा बंजारा (गिजौली) और आनंदी भैरों के बीच यमुना नदी पर बनने वाले 147 करोड़ रुपये की लागत के भव्य सेतु का शिलान्यास संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल उपस्थित रहे।

विकास का नया अध्याय

प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर पुल निर्माण कार्य का श्रीगणेश किया। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा निर्मित होने वाला यह पुल क्षेत्र की कायापलट करने वाला साबित होगा। इससे सैकड़ों गांवों के हजारों निवासियों के लिए आगरा शहर तक का सफर न केवल कम होगा, बल्कि आवागमन भी पूरी तरह सुगम हो जाएगा।

जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री डॉ. धर्मवीर प्रजापति भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों में आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है, जिससे विकास की मुख्यधारा का विस्तार हो सके।

विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पुल एत्मादपुर के सर्वांगीण विकास के लिए एक ‘मील का पत्थर’ सिद्ध होगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाया कि उनका संकल्प एत्मादपुर का संपूर्ण और चहुंमुखी विकास है।

​व्यापार और कृषि को मिलेगी गति

147 करोड़ की इस परियोजना के पूरा होने से स्थानीय स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि व्यापार में भी नई क्रांति आएगी। पुल निर्माण से आगरा शहर और एत्मादपुर क्षेत्र के बीच की दूरी कम होने से व्यापारिक गतिविधियाँ बढ़ेंगी।

इस भव्य शिलान्यास समारोह में मंडल अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, स्थानीय भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी बाबूलाल लंबरदार ने की।

Dr. Bhanu Pratap Singh