​आगरा भाजपा कार्यालय का वीडियो बताकर फैलाया भ्रम, महाराष्ट्र का वीडियो वायरल करने पर दो के खिलाफ FIR

Crime

​आगरा। सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से एक भ्रामक वीडियो वायरल करने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने साइबर क्राइम थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने पुष्पराज यादव और विनोद सिंह नामक व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है।

क्या था पूरा मामला?

भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के अनुसार, फेसबुक और ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा एक वीडियो प्रसारित किया गया। इस वीडियो में कुछ लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो पोस्ट करने वालों ने इसे आगरा महानगर भाजपा कार्यालय का बताकर प्रचारित किया, ताकि पार्टी की छवि को नुकसान पहुँचाया जा सके और लोगों को गुमराह किया जा सके।

​फैक्ट चेक में हुआ खुलासा

भाजपा नेतृत्व द्वारा जब इस वायरल वीडियो की पड़ताल की गई, तो सच्चाई कुछ और ही निकली। जांच में यह पाया गया कि उक्त वीडियो आगरा का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के लातूर स्थित एक विश्राम गृह का है। इस तरह के ‘फेक वीडियो’ को स्थानीय भाजपा कार्यालय का नाम देकर वायरल करने को पार्टी ने एक सुनियोजित साजिश और दूषित मानसिकता का परिणाम बताया है।

​दोषियों पर सख्त कार्रवाई का संकल्प

महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने स्पष्ट किया कि पार्टी की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “कुछ लोग राजनीतिक द्वेष के चलते सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर भ्रम फैला रहे हैं। ऐसे लोगों को कानून के दायरे में लाकर सबक सिखाया जाएगा।”

इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष है। कार्रवाई की मांग करने वालों में महामंत्री हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, मनवीर चौहान, दीपू जादौन, राहुल सागर, मनमोहन कुशवाह, रोहित कत्याल, राजू परमार, नवीन गौतम, करुणानिधि गर्ग, अनीता खरे, डॉ. निधि शर्मा, नेहा गुप्ता, अंजू गर्ग, माधुरी माहौर, अनिल सारस्वत, मुकेश गुप्ता, विकास भारद्वाज समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh