आगरा चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने डीएम मनीष बंसल का किया सम्मान; उद्योग-व्यापार की समस्याओं पर जताई चिंता, आरओबी और बेडई को ओडीओसी में शामिल करने की रखी मांग

स्थानीय समाचार

आगरा। ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) मामले में सर्वोच्च न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर आगरा के औद्योगिक जगत को राहत दिलाने के लिए जिलाधिकारी मनीष बंसल को सम्मानित किया गया। आगरा चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट में डीएम का स्वागत करते हुए उद्योग एवं व्यापार से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान यूपीसीडा क्षेत्रों में जलकर की वसूली, बोदला-बिचपुरी आरओबी निर्माण और आगरा की प्रसिद्ध ‘बेडई’ को ‘एक जनपद, एक कुसीन’ (ओडीओसी) योजना में शामिल करने का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा गया।

डीएम की पैरवी से उद्योग जगत को मिली ऊर्जा

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीटीजेड मामले में डीएम द्वारा की गई सक्रिय पैरवी से आगरा के उद्योग और व्यापार को एक नई दिशा और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त हुई है। यह आगरा के आर्थिक विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

​दोहरे आर्थिक बोझ का विरोध

बैठक में चैम्बर अध्यक्ष ने यूपीसीडा क्षेत्रों में जलकर बिल भेजे जाने पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने 28 अक्टूबर 2024 के शासनादेश का हवाला देते हुए कहा कि जब औद्योगिक क्षेत्रों के रख-रखाव, सफाई और पेयजल की जिम्मेदारी यूपीसीडा की है, तो स्थानीय निकायों द्वारा गृहकर या जलकर वसूलना अनुचित है। उन्होंने इस दोहरे बोझ को तत्काल खत्म करने की मांग की।

​बोदला-बिचपुरी आरओबी और सड़क चौड़ीकरण की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने बोदला-बिचपुरी रोड पर बढ़ते यातायात के दबाव का मुद्दा उठाया। चैम्बर अध्यक्ष ने बताया कि मास्टर प्लान में सड़क 150 फीट चौड़ी प्रस्तावित है और आरओबी के लिए बजट भी स्वीकृत हो चुका है। उन्होंने कहा कि रेलवे फाटक बंद होने से जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे एंबुलेंस और छात्रों को भारी परेशानी होती है। चैम्बर ने जल्द से जल्द आरओबी निर्माण शुरू कराने पर जोर दिया।

बेडई को मिले वैश्विक पहचान

पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने आगरा के स्वाद को नई पहचान दिलाने के लिए प्रसिद्ध ‘बेडई-आलू’ को राज्य सरकार की ‘एक जनपद, एक कुसीन’ (ओडीओसी) योजना में शामिल करने की पुरजोर मांग की। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय खाद्य व्यवसायियों को बढ़ावा मिलेगा और आगरा के ‘फूड टूरिज्म’ को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां मिलेंगी।

​इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने रामबाग-सिकंदरा के बीच सिटी बस सेवा को लेकर भी चर्चा की। इस दौरान चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल और अतुल कुमार गुप्ता मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh