मोबाइल के लिए झगड़ा और फिर मौत: पति के काम पर जाते ही गर्भवती विवाहिता ने लगाया फंदा, आगरा के सीकरी में मची सनसनी

Crime

​आगरा। ताजनगरी के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रामकृष्ण कॉलोनी में एक साल पहले ब्याही गई नवविवाहिता अंजलि का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पति काम पर चला गया और पीछे से अंजलि ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मोबाइल फोन की जिद बनी मौत की वजह?

​मृतका की पहचान अंजलि (पत्नी नरेश बंजारा) के रूप में हुई है। नरेश पेशे से मेहंदी आर्टिस्ट है। परिजनों के मुताबिक, अक्सर काम पर जाते समय नरेश अपना मोबाइल साथ ले जाता था, जबकि अंजलि चाहती थी कि फोन उसके पास रहे। इसी बात को लेकर गुरुवार सुबह दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। नरेश गुस्से में अपना काम का बैग लेकर घर से निकल गया, हालांकि वह मोबाइल पत्नी के पास ही छोड़ गया था।

घर में अकेली थी अंजलि

जिस वक्त यह हादसा हुआ, घर में अंजलि और एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के अलावा कोई नहीं था। अंजलि के देवर अशोक और सास कमलेश शमशाबाद में एक शादी समारोह में गए हुए थे। दोपहर करीब 3 बजे जब पुलिस को सूचना मिली, तो प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर और इंस्पेक्टर क्राइम अरविंद तोमर मौके पर पहुंचे। पुलिस को अंजलि का शव कमरे में नीचे रखा हुआ मिला।

एक साल पहले हुई थी शादी, गर्भवती थी मृतका

​अंजलि फिरोजाबाद के नगला रूद्र की रहने वाली थी और उसकी शादी एक साल पहले ही नरेश से हुई थी। स्थानीय महिलाओं और परिजनों के बीच चर्चा है कि अंजलि गर्भवती थी। कुछ समय से उसकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी, जिसके लिए वह दवाइयां भी ले रही थी। परिजनों ने बताया कि मानसिक और शारीरिक परेशानियों के चलते वे उसे कई बार बाबाओं और सिद्ध पुरुषों के पास भी ले गए थे।

पुलिस की जांच शुरू, मायके वालों का इंतजार

प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर ने बताया कि घटना की जानकारी मृतका के मायके पक्ष को दे दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष की तहरीर मिलने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh