आगरा। पड़ोसी राज्य राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हेलीकॉप्टर की सोमवार सुबह आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत हवाई अड्डे पहुंच गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करीब एक घंटे तक खेरिया एयरपोर्ट पर रुके रहे।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार सुबह करीब 11.40 बजे दिल्ली हवाई अड्डे से जयपुर के लिए हेलीकॉप्टर से उड़ान भरी थी। उत्तर भारत में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ था। मौसम में थोड़ी स्पष्टता आने पर पायलट ने टेकऑफ किया, लेकिन जब हेलीकॉप्टर आगरा एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के दायरे में पहुंचा, उसी दौरान जयपुर में घना कोहरा और खराब मौसम होने की सूचना मिली।
मौसम की स्थिति को देखते हुए आगरा एटीसी ने सुरक्षा के मद्देनजर हेलीकॉप्टर को खेरिया हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराने के निर्देश दिए। एयरपोर्ट प्रबंधन ने तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
कोहरा छंटने और मौसम में सुधार के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 1.15 बजे खेरिया हवाई अड्डे से जयपुर के लिए रवाना हो गया।
वहीं, कुछ सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गोवर्धन जाने वाले थे, लेकिन आगरा, मथुरा और गोवर्धन क्षेत्र में सुबह से ही भीषण कोहरा और कम दृश्यता के कारण उनका हेलीकॉप्टर वहां नहीं पहुंच सका। इसी वजह से एहतियातन आगरा हवाई अड्डे पर हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग कराई गई।
- भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर आगरा में निकली भव्य प्रभात फेरी, ताज प्रेस क्लब से सुभाष पार्क मंदिर तक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ - October 26, 2026
- फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में दर्दनाक हादसा: टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में बेकाबू कार ने भीड़ को रौंदा, 5 की मौत, कई घायल - October 26, 2026
- सम्मान समारोह और डांडिया रास के साथ हुआ 139वें माथुर वैश्य जयंती महोत्सव का भव्य समापन: पंचकुइयां महासभा भवन में उमड़ा समाजबंधुओं का सैलाब - October 26, 2026