लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। ठंड और शीतलहर को देखते हुए मथुरा जिले में कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में 14 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश बेसिक शिक्षा परिषद के साथ-साथ राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, वित्तविहीन, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य सभी बोर्डों के नर्सरी से कक्षा आठ तक के स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा।
बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा जारी आदेश के अनुसार अवकाश अवधि में जनपद के सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय बंद रहेंगे। इस दौरान परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों के कार्मिक बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। साथ ही विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जारी होने वाले निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। जिन शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ के रूप में लगी है, उन्हें पूर्व निर्धारित कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर अपने दायित्व निभाने होंगे।
सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा बुधवार
बुधवार को इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। गलन भरी सर्दी और बर्फीली हवाओं से जनजीवन प्रभावित रहा। दिनभर सूरज बादलों में छिपा रहा, जिससे ठंड का असर और ज्यादा महसूस हुआ। मौसम विभाग के अनुसार इस पूरे सप्ताह शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी दिखा और ठंडी हवाएं चुभन पैदा करती रहीं। स्कूलों में छुट्टी होने के कारण बच्चे घरों में ही रहे, जबकि बुजुर्गों ने ठंड के चलते बाहर निकलने से परहेज किया। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, हालांकि होटल और रेस्तरां में अपेक्षाकृत रौनक बनी रही।
सुबह के समय छाया रहा कोहरा
सुबह करीब पांच से सात बजे तक हाईवे और यमुना एक्सप्रेस-वे पर घना कोहरा छाया रहा, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। सुबह आठ बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंटा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक सुबह के समय कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
- Agra News: हजार में हवलदार और लाख में थाना…वाला स्टंट पड़ा भारी, रील बनाने वाले सपा नेता दामा यादव पर FIR; अब लाइसेंस रद्द करने की तैयारी - February 17, 2026
- Agra News: खाकी से बदतमीजी करने वाला शिबू ठाकुर गिरफ्तार, ‘लाइव वीडियो’ वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन - February 17, 2026
- Agra News: खाकी से बदतमीजी करने वाला शिबू ठाकुर गिरफ्तार, ‘लाइव वीडियो’ वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन - February 17, 2026