मरीज को नया जीवन मिला, 8×10 सेमी ट्यूमर के साथ मैक्सीलेक्टोमी, आंख को सुरक्षित रखना रहा सबसे बड़ी चुनौती
आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग में मंगलवार को एक जटिल व दुर्लभ सर्जरी के ज़रिए एक 35 वर्षीय मरीज के चेहरे से 8×10 सेमी आकार का विशाल ट्यूमर निकाला गया। यह ऑपरेशन न केवल जीवन रक्षक रहा, बल्कि चिकित्सकीय विशेषज्ञता का एक उदाहरण भी बन गया।
विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि मरीज को पिछले दो वर्षों से दाईं नाक में गांठ, सांस लेने में तकलीफ और सूंघने की क्षमता में कमी की समस्या थी। ट्यूमर इतना फैल चुका था कि मरीज की आंख विस्थापित होने लगी थी और चेहरे पर सूजन भी बनी हुई थी।
जांच में पता चला कि यह फाइब्रो मिक्सोमा नामक एक आक्रामक ट्यूमर है, जो चेहरे की नाक, साइनस और आंखों की हड्डियों तक को क्षति पहुंचा चुका था। दो घंटे चले ऑपरेशन में यह वृहद ट्यूमर पूरी तरह निकाला गया और दाईं ओर का ऊपरी जबड़ा हटाना पड़ा।
ऑपरेशन के दौरान मरीज की आंख को सुरक्षित रखना सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा था, जिसे डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक पूरा किया। यह उपलब्धि डॉ. धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में ईएनटी विभाग की विशेषज्ञता और टीमवर्क का नतीजा है।
सर्जरी टीम में डॉ. सौम्यता नीरज, डॉ. श्रेया मनचंदा, डॉ. दीपा और एनेस्थीसिया टीम में डॉ. मंजरी, डॉ. कृष्णा और डॉ. काजल शामिल रहे।
फिलहाल मरीज को सुरक्षित और स्थिर स्थिति में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। मरीज अपने इलाज से पूर्ण रूप से संतुष्ट है। इस तरह की जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देना एसएन मेडिकल कॉलेज की विशेषज्ञता और सेवा समर्पण का प्रमाण है।
- योगी सरकार का रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ा तोहफा: 27, 28 और 29 अगस्त को यूपी रोडवेज और सिटी बसों में एक सहयात्री के साथ बिल्कुल फ्री सफर कर सकेंगी माताएं-बहनें - August 26, 2026
- ताजमहल में सजा सुंदरियों का मेला: मिस टीन इंटरनेशनल 2026 की 30 से अधिक देशों की प्रतिभागियों ने किया ताज का दीदार - August 26, 2026
- डॉ. अवनीश राही की ‘मैं भूख हूँ’ ने साहित्य में उठाया बड़ा सवाल, साइना नेहवाल ने किया लोकार्पण - August 26, 2026