शीतलहर और कोहरे का डबल अटैक: यूपी में रिकॉर्डतोड़ ठंड से जनजीवन बेहाल, रेंग रही हैं ट्रेनें और गाड़ियाँ

REGIONAL

लखनऊ। उत्तर भारत में शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। पारा गिरने के साथ ठंडी हवाओं ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार थमी हुई है, जबकि सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। उत्तर से दक्षिण तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हालात समान हैं। विभिन्न जिलों से ठंड और ठिठुरन की तस्वीरें सामने आ रही हैं।

सहारनपुर: कड़ाके की सूखी ठंड

सहारनपुर में बारिश न होने से सूखी ठंड पड़ रही है, जो स्वास्थ्य के लिए अधिक हानिकारक मानी जा रही है। गिरते तापमान और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित है। जिला प्रशासन ने एहतियातन सभी प्राथमिक विद्यालयों को 14 जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। चिकित्सकों ने बुजुर्गों और बीपी, शुगर व हृदय रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

फर्रुखाबाद: स्कूल 14 जनवरी तक बंद

यहां तापमान 7 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। घने कोहरे से दिनचर्या प्रभावित है, पार्क और सड़कें सूनी हैं। कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालय 14 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। बाजारों में रौनक घटी है और किसान देर से खेतों में काम कर रहे हैं।

मुजफ्फरनगर: ठिठुरन के साथ वायु गुणवत्ता की मार

सुबह-शाम घना कोहरा और शीतलहर ने हालात कठिन कर दिए हैं। कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 8 जनवरी तक बंद हैं। प्रशासन रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था में जुटा है, अधिकारी नियमित निरीक्षण कर रहे हैं।

लखीमपुर खीरी: विजिबिलिटी 10 मीटर

घने कोहरे से दृश्यता बेहद कम रही। नेशनल हाईवे पर वाहन लाइट जलाकर चल रहे हैं। कई रोडवेज बसें रद्द की गईं। मंडियों में भी कोहरे की वजह से खरीदार कम पहुंचे।

देवरिया: दो हफ्तों से ठंड का सितम

तेज ठंडी हवाओं और गलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालय बंद हैं। रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था अधूरी बताई जा रही है, रेलवे परिसर में रैन बसेरा न होने से यात्रियों को परेशानी है।

कानपुर: रिकॉर्ड तोड़ सर्दी

यहां तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है। आठवीं तक के स्कूल 12 जनवरी तक बंद हैं। ट्रेनों में देरी, अस्पतालों में हार्ट व ब्रेन स्ट्रोक के मरीज बढ़े हैं। थोक बाजारों की गतिविधियां भी सुस्त पड़ी हैं।

बुंदेलखंड: ठंड से थर्राया इलाका

हमीरपुर और महोबा में घना कोहरा और भीषण ठंड से जनजीवन प्रभावित है। रातें ज्यादा ठंडी हैं, लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। जिला अस्पतालों में सर्दी-जुकाम और दमे के मरीज बढ़े हैं।

प्रयागराज (संगम नगरी): शबाब पर ठंड

तापमान 9 डिग्री से नीचे चला गया है। सड़कों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। माघ मेले में आए श्रद्धालु भी ठंड से परेशान हैं।

गोरखपुर: कोहरा और सर्द हवाएं

सुबह विजिबिलिटी करीब 100 मीटर रही। एक सप्ताह से अधिक समय से ठंड और कोहरा जारी है, बादलों के कारण धूप नहीं निकल पा रही।

वाराणसी: शीतलहर की चपेट

अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री नीचे और न्यूनतम 6.5 डिग्री के आसपास है। आठवीं तक के स्कूल 9 जनवरी तक बंद हैं। घाटों पर सन्नाटा पसरा है।

चंदौली: 8 डिग्री तक गिरा पारा

घना कोहरा और शीतलहर से वाहन चलाना मुश्किल है। ट्रेनों में देरी हो रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है, लोग अलाव और चाय का सहारा ले रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

Dr. Bhanu Pratap Singh