ग्रेटर नोएडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दिव्य दरबार में मची भगदड़, कई घायल – Up18 News

ग्रेटर नोएडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कार्यक्रम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दिव्य दरबार में मची भगदड़, कई घायल

REGIONAL

 

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बुधवार को बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार का आयोजन किया गया। भीड़ ज्यादा होने से भगदड़ मच गई। गर्मी-उमस होने से कई लोग बेहोश हो गए। 10 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के वक्त कार्यक्रम में 5 लाख से ज्यादा लोग मौजूद थे।

अपना पर्चा खुलवाने और धीरेंद्र शास्त्री की एक झलक पाने के लिए लाखों लोग सभा स्थल पर पहुंच गए। लाखों की भीड़ कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गई। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर हालात बेकाबू हो गया। स्थिति को बेकाबू होते देखकर पुलिस ने श्रद्धालुओं से दिव्य दरबार के समाप्त होने की बात कही। श्रद्धालुओं को घर जाने का अनुरोध प्रशासन की ओर से किया जाने लगा।

पुलिस और प्रशासन के अनुरोध पर बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दिव्य दरबार को समाप्त करने की घोषणा की। लोगों से अनुरोध किया कि वे घरों से ही प्रवचन सुनें। टीवी पर उनका कार्यक्रम आ रहा है।

बाबा बागेश्वर के दिव्य दरबार का आयोजन बुधवार की सुबह से ही किया गया था। इसमें भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए। कार्यक्रम को लेकर बड़ी संख्या में वीवीआईपी पास जारी किए गए थे। मीडियाकर्मियों को भी पास जारी किए गए थे। लेकिन, कार्यक्रम स्थल पर जिस प्रकार से भीड़ जुटी, उसको देखते हुए वीआईपी एंट्री को पहले ही बंद कर दिया गया। दोपहर 12 बजे से पहले ही दिव्य दरबार में पांच लाख से अधिक लोग पहुंच चुके थे। इसके बाद भी श्रद्धालुओं का दिव्य दरबार में आना लगातार जारी रहा। माना जा रहा है कि दिव्य दरबार में बिहार का रिकॉर्ड टूटने का भी दावा किया जाने लगा है। बिहार में बाबा बागेश्वर के दिव्य दरबार में करीब 8 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया गया था।

बागेश्वर धाम सरकार के दिव्य दरबार में भाग लेने के लिए पुरुष और महिलाओं के अलावा बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में पहुंचे। दिव्यांग जन भी बैशाखी पर कार्यक्रम स्थल पर जाते दिखे। कई श्रद्धालु अपने माता-पिता को कंधों पर लादकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया। भारी भीड़ होने के कारण कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था का माहौल उत्पन्न हो गया।

धीरेंद्र शास्त्री के प्रवचन को लेकर सुबह से ही लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे थे। मेट्रो में भारी तादाद में लोग प्रवचन स्थल तक सफर करते देखे गए। आयोजकों ने सुबह में दावा किया कि ग्रेटर नोएडा में आज बिहार का रिकॉर्ड ब्रेक होगा। उन्होंने 8 से 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई थी। यहां पर धीरेंद्र शास्त्री का प्रवचन 16 जुलाई तक चलेगा धीरेंद्र शास्त्री को सुनने के लिए उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार तक से लाखों श्रद्धालु आए हैं।

 

Dr. Bhanu Pratap Singh