
आगरा। गुरुवार सुबह से ही आगरा में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। पूरे शहर की रफ्तार मानो थम सी गई। खासतौर पर बाहरी इलाकों में कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिला। दृश्यता बेहद कम होने के कारण यमुना एक्सप्रेसवे समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहनों की गति धीमी रही और लोगों को लाइट जलाकर वाहन चलाने की मजबूरी बनी रही।
कोहरे के साथ गलन भी बढ़ गई है। सुबह-सुबह घर से निकलना लोगों के लिए चुनौती बन गया, जिससे रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित रहे। ठंड के कारण पार्कों में टहलने वालों की संख्या में भी कमी देखी गई। वहीं स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ नजर आया। दृश्यता कम होने के कारण कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं। ताज एक्सप्रेस, वंदेभारत और शताब्दी जैसी प्रमुख ट्रेनें भी आधे से एक घंटे तक लेट रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 16 दिसंबर को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं 17 दिसंबर को अधिकतम तापमान घटकर 25.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान बढ़कर 9.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को दिनभर हल्की धुंध बनी रह सकती है। दोपहर में हल्की धूप निकलने से कुछ राहत मिलने की संभावना है, हालांकि तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं जताई गई है।
- डॉ. अरुण चाइल्ड हॉस्पिटल आगरा के 25 वर्ष पूर्ण, 25 अप्रैल को निशुल्क बाल रोग शिविर, यहां कराओ पंजीकरण - April 23, 2026
- सिंधी सेंट्रल पंचायत Agra के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी का समाज के व्हाट्सएप जीवियों को करारा जवाब - April 14, 2026
- आरडी पब्लिक स्कूल Agra: शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा निखार का उत्कृष्ट केंद्र - April 10, 2026