Firozabad (Uttar Pradesh, India)। लॉक डाउन के बीच घर में रहकर एक दंपति समय बिता रहे थे। एक सुबह ऐसी आई कि फिर उनकी आंख कभी नहीं खुलीं। शुक्रवार सुबह घर में सो रहे दंपति की दम घुटने से मौत हो गई। एसी में शाॅर्ट सर्किट के चलते आग लग गई जिससे उठे धुएं से दोनों की मौत होना बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। दंपति अकेले घर में रहते थे। इकलौती बेटी देहरादून में नानी के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी।
धुआं उठने पर हुई जानकारी
टूंडला नगर के स्टेशन रोड स्थित भगवान आश्रम निवासी 48 वर्षीय अजय शर्मा मुंशी पन्ना मसाले में मार्केटिंग का काम करते थे। वह 45 वर्षीय पत्नी निशा शर्मा के साथ अकेले रहते थे। बेटी देहरादून में नानी के यहां रहकर पढ़ाई कर रही है। सुबह करीब छह बजे आस-पास के लोगों ने मकान से धुआं उठता देख तो उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी। मौके पर सीओ अजय चैहान और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंचे एसपी सिटी
मकान का अंदर से दरवाजा बंद होने के कारण जंगला काटकर प्रवेश किया गया। फायरा ब्रिगेड ने किसी तरह आग बुझाई। कमरे में पति-पत्नी के शव पड़े थे। घटना की जानकारी पर एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि आग लगने के पीछे के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सके हैं। उसकी जानकारी की जा रही है। संभवतः शाॅर्ट सर्किट की वजह से आग लगना बताया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गैस सिलेंडर मेें लगी आग
घर में रखे गैस सिलेंडर में भी आग लग गई थी। गनीमत रही कि सिलेंडर रेगुलेटर से बंद था इसलिए बड़ा हादसा होने से टल गया जबकि आग से पाइप और रेगुलटेर भी जल गया था। यदि किसी कारणवश सिलेंडर फट जाता तो आस-पास के लोगों को भी नुकसान हो सकता था।
- लखनऊ में मोबाइल किश्त न चुकाने पर रिकवरी एजेंटों ने मजदूर को चार दिन तक बंधक बनाकर निकाला खून, गोमती में फेंकने की धमकी - September 15, 2026
- आगरा में NEET पास छात्र निकला ट्रेनों का शातिर चोर: गर्लफ्रेंड के कैंसर के इलाज और ऐशो-आराम के लिए खड़ा किया चोरी का नेटवर्क, 25 लाख के जेवर बरामद - September 15, 2026
- आगरा के प्राचीन श्री सिद्धिविनायक मंदिर में 66वें गणेश महोत्सव के तहत हुआ विशाल भंडारे का आयोजन, हजारों भक्तों ने पाई प्रसादी - September 15, 2026