आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को आजमगढ़ दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई विवादित टिप्पणी पर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
’बेटी के अपमान पर तुरंत हुई कार्रवाई’
आजमगढ़ में ₹955 करोड़ से अधिक की 39 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, “पिछले दिनों मैंने देखा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ कुछ लोगों ने गलत टिप्पणी की। मामला संज्ञान में आते ही मैंने तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।” उन्होंने भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि हम उन संस्कारों में पले-बढ़े हैं, जहां ‘गाँव की बेटी सबकी बेटी’ मानी जाती है।
अखिलेश यादव को दी नसीहत
सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव अक्सर दूसरों को उपदेश देते रहते हैं, लेकिन उन्हें पहले अपने ‘चेलों’ को संस्कारित करने की आवश्यकता है। उन्होंने तीखे लहजे में कहा, “अपने लोगों को समझाएं कि भाषा में संयम बरतें। दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले यह भी देखें कि उनके लोग बहन-बेटियों, बुजुर्गों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति कैसी भाषा का प्रयोग करते हैं। अगर वे नहीं समझा सकते तो हमारे हवाले कर दें, हम उन्हें अच्छी तरह समझाना जानते हैं।”
आजमगढ़ के कायाकल्प का किया जिक्र
विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले आजमगढ़ अपनी पहचान के लिए मोहताज था। उन्होंने याद दिलाया कि उस समय न यहाँ विश्वविद्यालय था, न पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और न ही एयरपोर्ट की बेहतर सुविधाएं थीं। उन्होंने कहा कि हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय, मुबारकपुर की ब्लैक पॉटरी और आजमगढ़ की साड़ियों को आज वैश्विक मंच मिल रहा है।
सीएम योगी ने बताया कि ब्लैक पॉटरी से जुड़े कारीगरों ने उनसे मिलकर अपनी खुशी जाहिर की है कि डबल इंजन की सरकार आने के बाद उनका कारोबार कई गुना बढ़ गया है।
विकास की नई इबारत
मुख्यमंत्री द्वारा आज जिन 39 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया, उनसे क्षेत्र में शिक्षा, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में आम जनमानस उपस्थित रहा, जिसने सरकार की इन उपलब्धियों का स्वागत किया।
- Tanya Mittal पहुंचीं Shatam Jeeva, Jhansi के 100 एकड़ के आयुर्वेद चिकित्सा केंद्र में, क्या है खास? - September 12, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026