बाराबंकी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक महिला का बुर्का खींचते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को लेकर जहां पहले से ही विवाद चल रहा था, वहीं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद की टिप्पणी ने मामले को और तूल दे दिया है।
संजय निषाद ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि “नकाब (हिजाब) छू दिया तो इतना हंगामा हो गया, कहीं और छूते तब क्या होता?” उनके इस बयान के सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और इसकी कड़ी आलोचना शुरू हो गई।
इस पूरे प्रकरण पर बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कड़ा रुख अपनाया। बाराबंकी जिला महिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि किसी भी महिला की गरिमा से खिलवाड़ करने या उसके धर्म और जाति को लेकर अमर्यादित टिप्पणी करने का किसी को अधिकार नहीं है। अपर्णा यादव ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का किया गया कृत्य और मंत्री संजय निषाद का बयान, दोनों ही निंदनीय हैं।
उन्होंने मांग की कि सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार पदों पर बैठे दोनों नेताओं को इस मामले में तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने दो टूक कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनके बयान के बाद एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है।
- आजम खान को लेकर अखिलेश यादव का छलका दर्द: बोले– ‘मुसलसल नाइंसाफी का सामना कर रहे हैं वरिष्ठ नेता’ - November 16, 2026
- “जनगणना 2027 तय करेगी यूपी के समग्र विकास की दिशा”, CM योगी ने लोकभवन से किया अभियान का शुभारंभ - November 16, 2026
- अपनी कहानी अपने शब्दों में कहना जरूरी था… सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ का विमोचन; परिवार के बारे में फैले भ्रामक प्रचार पर रखी अपनी बात - November 16, 2026