आगरा। बहनजी हमारी बड़ी नेता हैं, लेकिन हम समाज को मरने के लिए नहीं छोड़ सकते। यह बात कही आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने। वह रविवार को सूरसदन सभागार में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी का बिगुल बजाते हुए कहा कि अब वक्त है सत्ता तक पहुंचने का, ताकि समाज के लिए समान शिक्षा, चिकित्सा और स्थायी नौकरियों जैसी नीतियां लागू की जा सकें।
पिछले दिनों आगरा में पुलिस और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प पर भीम आर्मी चीफ और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद चंद्रशेखर आजाद रविवार को आगरा पुलिस को घेरा। प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि दो दिन पहले यहां की पुलिस ने हमारे कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और साथियों के बदसलूकी की। एक पुलिस अधिकारी ने अपने जातीय अंहकार को दिखाने के लिए, हमारे कार्यकर्ताओं का लात से पिटवाने का काम किया, मैं उसे सम्मानित अधिकारी से कहना चाहता हूं, उन्होंने जिस सत्ता के घमंड या जिस जातीय घमंड में ये किया गया, हम उनसे हिसाब लेंगे। सत्ता बदलेगी और जब हमारी सत्ताए आएगी तो वे चाहे जहां भी हों, हम उन्हें आगरा लेकर आएंगे और हिसाब लेंगे।
सूरसदन में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि बहुजन समाज 2012 से सत्ता से बाहर है। 2027 के चुनाव में ज्यादा दिन नहीं है। इसलिए कार्यकर्ताओं को अभी से जुट जाना चाहिए। ये सरकार सोची समझी साजिश के तहत निजीकरण कर रही है, जिससे कि आरक्षण की व्यवस्था ही खत्म हो जाएगी। भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। एक बार मौका मिलने दो तब देखना कि कोई महिलाओं की तरफ आंख भी उठाकर कर देख जाए। अगर हमारी सत्ता आई तो हम समान शिक्षा और चिकित्सा की व्यवस्था लागू करेंगे। हम संविदा कर्मचारियों को पक्का करने का काम करेंगे।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मैं चाहता हूं कि जो शेड्यूल कास्ट और बेकवर्ड सफाई का जो काम करते हैं, वे इस काम को छोड़ें। ये काम उनको दे दो जो इस देश में बहुत शुद्ध बनते हैं। आप लोग डॉक्टर बनो, इंजीनियर बनो, वकील बनो, आईएएस, आईपीएस, सांसद-विधायक बनकर देश की पॉलिसी बनाने का काम करो, देश के गरीबों को न्याय दिलाने का काम करो।
आगरा से मेरा प्यार बहुत गहरा है। क्योंकि ये वो धरती है, जहां बाबा साहब अंबेडकर के आंसू गिरे हैं। उनका हम पर कर्ज है। हम उनकी असली औलादें हैं, इसलिए हम उनका कर्ज उतारना जानते हैं। बाबा साहब ने आगरा के चक्कीपाट में बुद्धविहार की स्थापना की थी। जोकि हमारी धरोहर है। यहीं पर बाबा साहब की अस्थितयां भी रखी हुई हैं।
सम्मेलन को संबोधित करने के बाद प्रेसवार्ता के दौरान फर्श पर बाबा साहब और भगवान बुद्ध के चित्र लगाने की साजिश में भीम आर्मी के कार्यकर्ता के शामिल होने के सवाल पर सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि भीम आर्मी के कार्यकर्ता ने साजिश रची गई है। ये सरासर झूठ है। सरकार जब पुलिस पर दबाव डालती है तो इस तरह के काम होते हैं। पुलिस के पास कोई सबूत है तो वह सार्वजनिक करे। कोई षड्यंत्र नहीं चलेगा। बाबा साहब का अपमान करने वालों पर कार्रवाई करने पड़ेगी। जिन पुलिसकर्मियों ने गरीब कमजोरों पर लातें चलाने का, थप्पड़ चलाने का काम किया, उन पर कार्रवाई करनी पड़ेगी। बहुत जल्द लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन करेंगे। हम सरकार को बताएंगे कि आत्मसम्मान की लड़ाई कैसे लड़ी जाती है।
बसपा से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि बसपा को चिंता करने की जरूरत नहीं है, हम उनके ही रुके हुए काम को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। बहनजी हमारी बड़ी नेता हैं, हम उनका सम्मान करते हैं लेकिन समाज को मरने के लिए नहीं छोड़ा जाता है। इसलिए एससी, एसटी, ओबीसी और मुस्लिम भाई-चारा, सिख भाई-चारा, जैन भाई-चारा, आजाद समाज पार्टी इन सभी को साथ लेकर चलने का काम कर रही है।
-साभार सहित
- साइबर ठगी का नया पैंतरा: वॉट्सएप पर फर्जी बैंकिंग ट्रांजैक्शन मैसेज भेजकर डरा रहे अपराधी, YES/NO’ वाले संदेशों से रहें पूरी तरह सावधान - September 24, 2026
- रायबरेली से अखिलेश यादव का मिशन-2027 का शंखनाद: पीडीए रथयात्रा के आगाज के साथ भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला, कहा- गठबंधन के साथ लड़ेंगे यूपी का चुनाव - September 24, 2026
- आगरा विकास प्राधिकरण का सख्त रुख: नवागत उपाध्यक्ष ने ग्रेटर आगरा और अटलपुरम टाउनशिप का किया औचक निरीक्षण, धीमे काम पर जताई नाराजगी - September 24, 2026