आगरा में हनुमान जन्मोत्सव की धूम: राम नाम संकीर्तन में झूमे भक्त, माँ अंजनी के डोले का हुआ भव्य नगर भ्रमण

PRESS RELEASE

आगरा: ताजनगरी में श्री हनुमंत जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर आध्यात्मिकता और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। कहीं प्रभु श्रीराम के भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, तो कहीं पवनपुत्र हनुमान की माता अंजनी के डोले के नगर भ्रमण के दौरान पुष्प वर्षा से आसमान सराबोर हो गया। इन धार्मिक आयोजनों ने पूरे आगरा को भक्तिमय ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया है।

​सूर्य नगर में सजा ‘राम उपवन’, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क मंदिर में तपस्या फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित श्री राम नाम संकीर्तन एवं भजन संध्या ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संस्थापक अध्यक्ष पूजा खिलवानी द्वारा सजाया गया विशेष “राम उपवन” रहा, जिसमें कला के माध्यम से प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया।

​केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और मेयर हेमलता दिवाकर ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

भजन गायक पंडित मोहन शर्मा ने ‘जय हनुमान ज्ञान गुण सागर’ और ‘राम सिया राम’ जैसे भजनों की अमृत वर्षा की, जिससे पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। संरक्षक नितिन कोहली ने इस संकीर्तन को आत्मिक शांति का मार्ग बताया।

मां अंजनी का भव्य डोला: पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत

​उधर, मां अंजनी धाम महोत्सव समिति द्वारा हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में माँ अंजनी का भव्य डोला निकाला गया। सेब का बाजार से शुरू हुई यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई फुलट्टी चौक स्थित प्राचीन मां भगवती मंदिर पर संपन्न हुई। महंत गोपी गुरु ने डोले को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

​संस्थापक कमल शर्मा पप्पू और समाजसेवी नवीन चंद्र शर्मा ने बताया कि यह पंच दिवसीय उत्सव की शुरुआत है। डोले के नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर अपनी अटूट श्रद्धा प्रकट की।

आगामी आकर्षण: महाकाल की पालकी और 40 झांकियां

​समिति के अध्यक्ष एडवोकेट संजीव अग्रवाल और महामंत्री ऋषि मित्तल ने बताया कि उत्सव के आगामी दिनों में निकलने वाली मुख्य शोभायात्रा ऐतिहासिक होगी। इसमें उज्जैन के राजा महाकाल की पालकी, 651 किलो फलों का डोला, दिल्ली के अघोरी महाकाल और इस्कॉन रॉक बैंड सहित 40 भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। 4 अप्रैल को अंजनी धाम पर 1100 दीपों की महाआरती के साथ इस महोत्सव का भव्य समापन होगा।

इस दौरान संयोजक राम टंडन, राकेश भटनागर, विजय कपूर, रविंद्र शर्मा, विपुल शर्मा, अपूर्व शर्मा, प्रवीण कुमार, शिवम् वर्मा, अर्जुन सिंह, निखिल गुप्ता, भारत भूषण, राधेश्याम राठौर, अनुग्रह अवस्थी, नंद किशोर गोयल, वरुण धूपड़, नवनीत कुलश्रेष्ठ, दीपक राठौर, पवन दिवाकर, अनिल अग्रवाल, शरद भारद्वाज, अमित शर्मा, कपिल नागर, सुधीर अरोरा, मदन लाल शर्मा, डॉ. एसपी सिंह, संजय कपूर आदि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh