लखनऊ। लखनऊ के दुबग्गा के बेगरिया में केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के नए मकान में शुक्रवार की सुबह तड़के चार बजे भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव की पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक के सिर में गोली मारी गई है। पिस्टल सांसद के बेटे विकास किशोर की बताई जा रही है। परिजनों ने छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची ठाकुरगंज पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। डीसीपी राहुल राज सहित पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं मीडिया कर्मियों से बात करते हुए मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि उनका बेटा घटना के वक्त घर पर नहीं था वह दिल्ली में था।
बेगरिया फरीदीपुर निवासी विनय श्रीवास्तव (24) भाजपा कार्यकर्ता था। केंद्रीय राज्यमंत्री के बेटे विकास किशोर उर्फ आशु के साथ रहता था। शुक्रवार की सुबह तड़के 4 बजे विनय के सिर में पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव बेड के पास जमीन पर पड़ा था। मौके पर अरुण प्रताप सिंह उर्फ बंटी, शमीम बाबा, अंकित वर्मा, अजय रावत सहित दो अन्य अज्ञात लोग मौजूद थे। परिजनों ने अजय, अंकित और शमीम पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
कौशल ने पुलिस कमिश्नर को सूचना दी
कौशल किशोर ने घटना की जानकारी पुलिस कमिश्नर को दी जिसके बाद डीसीपी पश्चिमी राहुल राज, एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसीपी चौक सुनील सिंह, एसीपी काकोरी अनूप सिंह फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड के साथ घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की। डीसीपी ने बताया कि तीनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
भाई ने लगाया सनसनीखेज आरोप
मृतक के भाई विकास ने कहा कि विकास किशोर हमेशा हमारे भाई विनय को साथ ले जाते थे, पिस्टल साथ मे रखते थे। कल वह विनय को साथ नहीं ले गए और पिस्टल भी छोड़ गए। ये साजिश है, गहनता से जांच होनी चाहिए।
- पुलिस की आड़ में चल रहा है गुंडों का राज… सादाबाद में बीएसपी नेता आकाश आनंद ने कानून व्यवस्था और विज्ञापनों के खर्च को लेकर योगी सरकार को घेरा - August 10, 2026
- आगरा में सावन के दूसरे सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब: शिवालयों में गूंजे ‘बम-बम भोले’ के जयकारे, तड़के से शुरू हुआ जलाभिषेक - August 10, 2026
- आगरा के बासौनी में जमीन विवाद का खूनी अंजाम: भाजपा मंडल अध्यक्ष व प्रधान के चाचा की इलाज के दौरान मौत, गांव में भारी तनाव - August 10, 2026