आगरा: ताजनगरी में सक्रिय वाहन चोरों के खिलाफ थाना न्यू आगरा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की 4 मोटरसाइकिलें और 1 ऑटो बरामद किया गया है। गिरोह का नेटवर्क इतना शातिर था कि ये उत्तर प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान से भी वाहन उड़ाकर आगरा में खपाते थे।
CCTV और मुखबिर के जाल में फंसे ‘ऑटो लिफ्टर्स’
न्यू आगरा पुलिस को पिछले कुछ समय से क्षेत्र में वाहन चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना और तकनीकी सर्विलांस (CCTV फुटेज) की मदद से जाल बिछाया। पुलिस ने श्मशान घाट के पास से घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को उस वक्त दबोच लिया, जब वे चोरी के वाहनों को बेचने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
गिरफ्तार आरोपियों में रितिक गोस्वामी पुत्र भरत निवासी भरद्वाल थाना कोतवाली, मैनपुरी-हाल निवासी दहतोरा मोड़ आगरा, विक्की परमार पुत्र अतर सिंह निवासी सासनी, कोटला चुंगी रोड फिरोजाबाद, और राजा शर्मा पुत्र सतीश चंद शर्मा निवासी सेक्टर 11, आवास विकास कॊलोनी आगरा हैं।
नंबर प्लेट बदलकर पहचान मिटाने का खेल
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। गिरोह के सदस्य राजस्थान और यूपी के विभिन्न जिलों से वाहन चोरी करते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए वे तुरंत वाहनों की नंबर प्लेट हटा देते थे या फर्जी प्लेट लगा देते थे। आरोपियों ने कुबूल किया कि वे इन वाहनों को आगरा के खंदौली और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सस्ते दामों पर बेचने की योजना बना रहे थे।
पुलिस की बड़ी कामयाबी, अन्य साथियों की तलाश जारी
थाना न्यू आगरा में दर्ज दो पुराने मुकदमों के आधार पर पुलिस इस गैंग की कड़ियों को जोड़ रही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद वाहनों के असली मालिकों की पहचान की जा रही है। साथ ही, इस गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहन खरीदने वाले ‘रिसीवर्स’ की तलाश में भी दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों के बीच हड़कंप मच गया है।
- “बिहार के टैलेंट को मिलेगा मौका”: पटना पहुंचीं अभिनेत्री तान्या मिश्रा का बड़ा ऐलान, अपने प्रोडक्शन हाउस से शुरू करेंगी शूटिंग - November 20, 2026
- 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भव्य समापन: देसी-विदेशी फिल्मों को मिले अवॉर्ड, ममता कुलकर्णी ने बिखेरा जलवा - November 20, 2026
- ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ की अनूठी पहल: डॉ. अतुल मलिकराम बोले- “अंगदान करने वालों का सम्मान मानवता को देगा नई मजबूती” - November 20, 2026