आगरा। ताजनगरी के रियल एस्टेट जगत में आज उस समय हड़कंप मच गया जब आयकर विभाग (Income Tax Department) की टीमों ने चर्चित बिल्डर रोहित जैन और उनके ‘अहिंसा ग्रुप’ (Ahinsa Group) के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। टैक्स में हेरफेर और अघोषित आय की शिकायतों के आधार पर विभाग ने एक साथ 5 स्थानों पर ‘सर्वे’ की कार्रवाई को अंजाम दिया है।
सुबह-सुबह टीमों ने दी दबिश
सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें बुधवार सुबह सुरक्षाकर्मियों के साथ रोहित जैन के आवास और कार्यालयों पर पहुँचीं। अचानक हुई इस कार्रवाई से ग्रुप के कर्मचारियों और संचालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टीम ने सबसे पहले हाथरस रोड स्थित कॉरपोरेट कार्यालय और बिल्डर के निजी आवास को अपनी निगरानी में लिया।
दस्तावेज और डिजिटल डेटा की हो रही खंगाली
छापेमारी के दौरान आयकर अधिकारियों ने समूह के पिछले कुछ वर्षों के वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड जब्त किए हैं। कंप्यूटर, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और मोबाइल फोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को कब्जे में लेकर डेटा रिकवरी की जा रही है। विभाग को शक है कि रियल एस्टेट परियोजनाओं में किए गए निवेश और आयकर रिटर्न (ITR) में दिखाई गई आय के बीच बड़ा अंतर है। साथ ही, शेल कंपनियों के जरिए फंड की हेरफेर की भी आशंका जताई जा रही है।
रियल एस्टेट बाजार में हलचल
अहिंसा ग्रुप आगरा में अपनी भव्य आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाओं के लिए जाना जाता है। शहर के बड़े बिल्डरों में शुमार रोहित जैन के ठिकानों पर इस कार्रवाई ने अन्य रियल एस्टेट कारोबारियों की भी चिंता बढ़ा दी है। विभाग की यह कार्रवाई देर रात तक जारी रहने की संभावना है।
अधिकारियों का कहना है कि जब्त किए गए दस्तावेजों के मिलान और डिजिटल डेटा के विश्लेषण के बाद ही कर चोरी के सही आंकड़ों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, ग्रुप के ठिकानों पर बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
- आगरा में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी का भंडाफोड़, क्रेटों के नीचे कट्टों में छिपाकर की जा रही थी तस्करी, पुलिस ने कैंटर से पकड़ा 51 लाख का 101 किलो गांजा - August 22, 2026
- एसजीपीजीआई लखनऊ की टीम ने परखीं व्यवस्थाएं: कल आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में होगा ताजनगरी का पहला किडनी ट्रांसप्लांट - August 21, 2026
- आगरा में ज्वैलर्स ठगी का सनसनीखेज खुलासा: पुराने आभूषण खरीदने के बहाने सोने के कंगन लेकर भागे तीन शातिर गिरफ्तार - August 21, 2026