बरेली। प्रेम विवाह के महज दो महीने बाद एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आईवीआरआई में कार्यरत ऑफिस असिस्टेंट जितेंद्र कुमार यादव की गला दबाकर हत्या कर दी गई और बाद में इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वारदात में उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग शामिल थे। पुलिस ने पत्नी और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आत्महत्या समझा गया मामला, पोस्टमार्टम से खुला राज
घटना थाना इज्जतनगर क्षेत्र की गिरजा शंकर कॉलोनी, कैलाशपुरम की है। 26 जनवरी 2026 को किराए के मकान में 33 वर्षीय जितेंद्र कुमार यादव का शव वेंटिलेटर की ग्रिल से लटका मिला। शुरुआत में मामला आत्महत्या का लगा, लेकिन मृतक के भाई की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने शक गहरा दिया।
पोस्टमार्टम में मौत का कारण गला दबाना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने पहले दर्ज मुकदमे में धाराएं बढ़ाते हुए हत्या का मामला दर्ज किया।
20 हजार रुपये और जुए से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक आरोपी पत्नी ज्योति ने पूछताछ में बताया कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और 25 नवंबर 2025 को शादी की थी। शादी के बाद दोनों किराए के मकान में रह रहे थे।
ज्योति का कहना है कि जितेंद्र ने उसके खाते से 20 हजार रुपये लेकर ऑनलाइन जुए में गंवा दिए। 26 जनवरी को रुपये को लेकर विवाद हुआ, जो बढ़ता गया। इसी बीच उसने अपने माता-पिता को बुला लिया।
हाथ-पैर पकड़े, गला दबाया
पुलिस के अनुसार झगड़े के दौरान ज्योति के पिता कालीचरन और मां चमेली ने जितेंद्र के हाथ-पैर पकड़े, जबकि ज्योति ने उसका गला दबा दिया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को मफलर से वेंटिलेटर की ग्रिल पर लटका दिया गया। इसके बाद नीचे जाकर शोर मचाया गया कि उसने फांसी लगा ली है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने ज्योति, उसके पिता कालीचरन और मां चमेली को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी।
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026