आगरा। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने नौफरी गांव में क्षत्रिय युवकों के घरों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने युवकों की गिरफ्तारी को अनैतिक बताते हुए इसे लुटेरों जैसा व्यवहार करार दिया।
सांसद चाहर ने कहा कि भारत के गौरव महाराणा प्रताप की जयंती पर शोभायात्रा निकालने से रोकना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब किसी वर्ग ने शोभायात्रा को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई तो फिर प्रशासन द्वारा रोक लगाना अनुचित और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने नौफरी गांव में निर्दोष परिवारों के घरों में तोड़फोड़ की, जो कानून-व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर किया गया अत्याचार है। सांसद ने पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार से दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
सांसद चाहर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने गिरफ्तार युवकों को रिहा कराने के लिए पुलिस कमिश्नर को फोन भी किया था। साथ ही कहा कि वे पूरे घटनाक्रम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराएंगे।
उन्होंने यह भी मांग की कि महापुरुषों की जयंती पर निकलने वाली शोभायात्राओं के लिए अनुमति लेने की बाध्यता नहीं होनी चाहिए, क्योंकि यह सांस्कृतिक और गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है।
- आगरा जिलाधिकारी का सख्त निर्देश: होटलों को 10 और अस्पतालों को 20 प्रतिशत ही मिलेंगे व्यावसायिक सिलेंडर - March 25, 2026
- फतेहपुर सीकरी को बड़ी सौगात: ₹28.15 करोड़ की लागत से बना अकबरा-पनवारी ओवरब्रिज शुरू, विधायक चौधरी बाबूलाल ने किया लोकार्पण - March 25, 2026
- आगरा के जैतपुर में ‘दबंगई’ का तांडव: पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग, दहशत में इलाका - March 24, 2026