आगरा। ताजनगरी में ‘हारे के सहारे’ बाबा खाटू श्याम के जन्मोत्सव की तैयारियां परवान चढ़ने लगी हैं। श्री खाटू श्याम जी ट्रस्ट के तत्वावधान में आगामी 24 फरवरी को ‘श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव’ के तहत एक विशाल और भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। सोमवार को मंदिर परिसर में आयोजित आमंत्रण सभा में यात्रा के मार्ग और आकर्षणों की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई।
60 झांकियां और नासिक के मशहूर बैंड बिखेरेंगे छटा
यात्रा संयोजक अजय गर्ग (आवागढ़) ने बताया कि इस वर्ष की शोभायात्रा ऐतिहासिक होगी। इसमें करीब 50 से 60 मनमोहक झांकियां शामिल होंगी। भक्तों के उत्साह को बढ़ाने के लिए नासिक और पुणे से विशेष बैंड दलों को बुलाया गया है। यात्रा का मुख्य आकर्षण ‘महाकाल की सवारी’ होगी। हजारों श्रद्धालु हाथों में निशान थामे, विशेष ड्रेस कोड में नंगे पांव पदयात्रा करते हुए भजनों की धुन पर थिरकते नजर आएंगे।
रंग-रंगीला फागुन मेला: 10 दिनों तक उत्सव की धूम
ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल और मुख्य ट्रस्टी हेमेंद्र अग्रवाल ने जानकारी दी कि 23 फरवरी से 4 मार्च तक मंदिर में “रंग रंगीला फागुन महोत्सव” का आयोजन होगा। इस दौरान प्रतिदिन विभिन्न प्रकार की होली खेली जाएगी, जिसमें मेहंदी, फल, टॉफी-चॉकलेट, मेवा, चंदन और फूलों की होली शामिल है। 27 फरवरी को रंगभरनी एकादशी पर विशेष पूजन होगा और 4 मार्च को जयपुर के मशहूर ‘गुलाल के गोटों’ के साथ महोत्सव का समापन होगा।
इन मार्गों से होकर गुजरेगी बाबा की पालकी
मंगलवार, 24 फरवरी को सुबह 11 बजे श्री मनकामेश्वर मंदिर से बाबा की यात्रा शुरू होगी। यह जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी, मोतीगंज, कचहरी घाट और बेलनगंज होते हुए जीवनी मंडी स्थित मंदिर पहुंचेगी। मातंगी टावर और जीवनी मंडी चौराहे पर महाआरती के साथ बाबा का भव्य स्वागत किया जाएगा।
- फरीदाबाद में अग्नि तांडव: केमिकल फैक्ट्री में धमाकों के साथ लगी आग, 35 कर्मचारी झुलसे, 2 की हालत नाजुक - February 16, 2026
- भिवाड़ी अग्निकांड: ‘गारमेंट’ की आड़ में चल रही थी मौत की फैक्ट्री, धमाके से दहली औद्योगिक नगरी; 8 मजदूर जिंदा जले - February 16, 2026
- आगरा में गूंजा सनातन एकता का स्वर: विराट हिंदू सम्मेलन में बोले वक्ता— ‘संगठित समाज ही राष्ट्र की शक्ति’ - February 16, 2026