बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ स्थित श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर मंदिर के गर्भगृह तक पहुंच गए और चांदी के छत्र सहित करीब 8 किलो चांदी और अन्य कीमती पूजा सामग्री लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोरी का नुकसान करीब 25 लाख रुपये का है।
बुधवार सुबह पुजारी जब मंदिर पहुंचे तो ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस के अनुसार, चोर चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। शुरुआती संकेतों से पता चला है कि एक संदिग्ध ने पहचान छिपाने के लिए मंकी मास्क पहना था। हैदरगढ़ कोतवाली के प्रभारी अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द खुलासे की कोशिश है।
इसी बीच बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली तीर्थ स्थित एक मंदिर से भी पूजा सामग्री चोरी होने की सूचना मिली है। पिछले एक महीने में जिले के कई मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
- 3,400 करोड़ के मालिक बीजेपी विधायक बने ‘भिखारी’: सड़क पर उतरकर मांगी भीख, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान - September 15, 2026
- आगरा में श्री हरि सत्संग समिति की नित्य प्रभात फेरी के 15 साल पूरे: भव्य संकीर्तन यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, विधायक ने की पुष्पवर्षा - September 15, 2026
- सपा की तुष्टिकरण और जातिगत राजनीति अब जनता के बीच नहीं चलने वाली: भाजपा नेता रोहित कत्याल - September 15, 2026