
नई दिल्ली। संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू हो गया, लेकिन पहले ही दिन लोकसभा में जोरदार हंगामा देखने को मिला। मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के विरोध में विपक्षी सांसदों ने सदन में तीखा प्रदर्शन किया, जिसके कारण लोकसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही अभी तक सुचारू रूप से जारी है।
सत्र की शुरुआत पूर्व सांसद कर्नल सोना राम चौधरी, विजय कुमार मल्होत्रा, रवि नाइक, धर्मेंद्र और श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन पर शोक प्रकट करने के साथ हुई। सदन ने दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखा।
शोक प्रस्ताव के बाद जैसे ही नियमित कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सदस्य SIR के मुद्दे को लेकर हंगामा करते हुए अध्यक्षीय आसन के सामने पहुंच गए। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से शांत रहने और सदन को चर्चा का मंच बनाए रखने की अपील की, लेकिन विपक्ष नारेबाजी करता रहा।
लगातार शोर-शराबे के चलते अध्यक्ष ने कार्यवाही शुरू होने के लगभग 20 मिनट बाद ही सदन को दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया। 12 बजे कार्यवाही फिर शुरू हुई, पर विपक्ष का विरोध थमा नहीं। नारेबाजी और अव्यवस्था जारी रहने पर अध्यक्ष को कार्यवाही दूसरी बार स्थगित करते हुए इसे दोपहर 2 बजे तक के लिए रोकना पड़ा।
इस बीच, राज्यसभा में कार्यवाही सामान्य रूप से आगे बढ़ रही है और वहां किसी प्रकार की बाधा नहीं हुई है।
- आरडी पब्लिक स्कूल Agra: शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा निखार का उत्कृष्ट केंद्र - April 10, 2026
- ज्ञान की दीपशिखा: मन्नाश्री चौहान ने रचा इतिहास, डीईआई आगरा की बनीं टॉपर - April 10, 2026
- इलाहाबाद हाई कोर्ट की तल्ख टिप्पणी— हनीट्रैप के चलते खतरे में सभ्य समाज; जबरन वसूली करने वालों पर तत्काल एक्शन के आदेश - April 2, 2026