‘एनीमिया नेशनल राइड’ यात्रा का आगरा पहुंचने पर हुआ स्वागत, कोलकाता में होगा समापन

PRESS RELEASE

 

आगरा। फाॅग्सी (द फेडरेशन ऑफ आब्सटेट्रिकल एंड गायनेकोलाॅजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया) की एनीमिया नेशनल राइड (नारी स्वास्थ्य जन आंदोलन यात्रा) बुधवार को आगरा पहुंची। एसएन मेडिकल काॅलेज में शिविर के बाद आगरा आब्स एंड गायनी सोसायटी ने उजाला सिग्नस रेनबो हाॅस्पिटल में यात्रा का अभिनंदन किया।

फाॅग्सी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. हृषिकेश डी पाई ने बताया कि उनके नेतृत्व में इस अभियान की शुरूआत 28 नवंबर को ऋषिकेश से की गई है। यात्रा 5 जनवरी को कोलकाता में समाप्त होगी। यह यात्रा कुल 5 राज्यों में 20 से अधिक शहरों से होकर गुजरेगी। इसका उद्देश्य देश में एनीमिया की रोकथाम और उपचार के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।

इससे पूर्व मुख्य अतिथि देविका देवेंद्र एस ने कहा कि विगत 20 वर्षों से निरंतर वे समाज के शोषित वर्ग के बीच काम कर रही हैं। ये वो वर्ग है जो एनीमिया का सबसे अधिक सामना करता है। क्योंकि गरीबी और तंगहाली की वजह से सही पोषण नहीं मिल पाता। नारी जन आंदोलन यात्रा को एक मिशन के रूप में देखा जा सकता है जो स्वास्थ्य और स्वालंबन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

एसएन मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. प्रशांत गुप्ता ने कहा यह सामाजिक क्षेत्र का एक महाअभियान है।

जिला महिला अस्पताल के एसआईसी डाॅ. पंकज अग्रवाल ने जन जागरण गोष्ठी में लोगों को विशेषज्ञों से प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएं शांत करने का अवसर प्रदान किया गया। आगरा आब्स एंड गायनी सोसाइटी कीं अध्यक्ष डाॅ. सुषमा गुप्ता ने बताया कि यह नारी स्वास्थ्य जन आंदोलन यात्रा राष्ट्र स्तर की मुहिम है जो एनीमिया मुक्त भारत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

एओजीएस की सचिव डाॅ. पूनम यादव ने बताया कि फाॅग्सी के तत्वावधान में यह नारी स्वास्थ्य जन आंदोलन यात्रा एनीमिया नेशनल राइड के रूप में है, जिसका स्लोगन है ना-ना एनीमिया-बोले इंडिया ना ना एनीमिया।

फाॅग्सी की पूर्व अध्यक्ष डाॅ. जयदीप मल्होत्रा ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन का अनुमान है कि एनीमिया के सभी मामलों में आयरन की कमी 50 फीसद होती है। आयरन की कमी दुनिया भर में सबसे आम पोषक तत्व की कमी है। यह सभी उम्र को प्रभावित करता है।

फाॅग्सी यंग टेलेंट कमेटी की चेयरपर्सन डाॅ. निहारिका मल्होत्रा ने बताया कि प्रोक्टल एंड गैम्बल के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने के लिए अन्य शैक्षिक संस्थाओं की मेजबानी के साथ हर शहर में चिकित्सकों के साथ बैठक और शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

गोष्ठी में सामाजिक कार्यकर्ताओं, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, नर्स और छात्रों को आमंत्रित किया गया था। डॉ निहारिका ने एनीमिया मुक्त भारत पर पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता भी कराई।

डाॅ. वरूण सरकार को दी श्रद्धांजलि

हाल ही में आगरा के वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. वरूण सरकार के निधन से समूच चिकित्सक समाज में शोक है। ऐसे में यह यात्रा स्व. डाॅ. वरूण सरकार को समर्पित की गई। सर्वप्रथम चिकित्सकों ने दो मिनट का मौन रखकर शोक संवेदनाएं प्रकट कीं। सभी ने डाॅ. वरूण सरकार की शख्शियत और उनके जीवन पर प्रकाश डाला। डाॅ. सरकार के साथ स्मृतियों को साझा किया।

इधर शाम के सत्र में होटल होली डे इन में महिला स्वास्थ्य पर कार्यशाला हुई। अध्यक्ष डाॅ. सुषमा गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। डाॅ. कोमल चावन ने महिलाओं में डायबिटीज के मैनेजमेंट पर और डाॅ. पूनम कपूर गोयल ने सीजेरियन डिलीवरी पर और डाॅ. एचडी पाई ने प्रजनन स्वास्थ्य पर व्याख्यान दिए।

अध्यक्षता डाॅ. मधु राजपाल, डाॅ. सुधा बंसल ने की। महिलाओं में एनीमिया पर पैनल डिस्कशन हुआ। डाॅ. निधि गुप्ता, डाॅ. आरती गुप्ता, डाॅ. सविता त्यागी, डाॅ. निहारिका मल्होत्रा पैनलिस्ट थे। मध्यस्थता डाॅ. शायजूस नैयर और डाॅ. अंजू सैनी ने और संचालन डाॅ. रूचिका गर्ग और डाॅ. निधि बंसल ने किया।

Dr. Bhanu Pratap Singh