नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपकमिंग फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर छिड़े विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। अखिलेश यादव ने फिल्म के शीर्षक को न केवल आपत्तिजनक बल्कि बेहद अपमानजनक करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।
“समाजों को निशाना बनाने की राजनीति होती रही है”
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा परोक्ष तरीके से कुछ लोगों का इस्तेमाल उसी समाज के खिलाफ करती है, जिससे पूरे समुदाय को निशाना बनाया जा सके। उनके मुताबिक कभी बयानबाज़ी, कभी नोटिस, तो कभी प्रचार सामग्री और फिल्मों के जरिए माहौल बनाया जाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि जब मामला तूल पकड़ता है तो रुख बदल लिया जाता है और दिखावे की कार्रवाई की जाती है, जबकि भीतर ही भीतर ऐसे विवादों से राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश रहती है।
“फिल्म का नाम लेना भी उचित नहीं”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा फिल्म का शीर्षक इतना आपत्तिजनक है कि उसका उल्लेख करना भी सही नहीं। उनका कहना है कि ऐसे नाम से किसी समुदाय के प्रति नकारात्मक संदेश जाता है और इससे विभाजन बढ़ता है। उन्होंने साफ कहा कि सिर्फ नाम बदल देने से भी बात नहीं बनेगी।
“आर्थिक नुकसान होगा तो रुकेगा ऐसा कंटेंट”
अखिलेश यादव के अनुसार जब तक निर्माताओं को आर्थिक झटका नहीं लगेगा, तब तक इस तरह की फिल्मों पर रोक नहीं लगेगी। उन्होंने इसे रचनात्मक स्वतंत्रता का नहीं, बल्कि रचनात्मक जिम्मेदारी का विषय बताया। उनके मुताबिक किसी एक पक्ष की भावनाएं आहत कर बनाया गया कंटेंट मनोरंजन नहीं माना जा सकता।
“सिनेमा समाज का दर्पण है, उसे साफ रहना चाहिए”
उन्होंने कहा कि अगर कोई रचना जानबूझकर किसी की मान-मर्यादा को ठेस पहुंचाती है, तो उस पर रोक लगाना अभिव्यक्ति की आज़ादी के खिलाफ नहीं है। सिनेमा को समाज का दर्पण बताते हुए उन्होंने कहा कि यह दर्पण साफ-सुथरा होना चाहिए, न कि ऐसा जो समाज में कटुता फैलाए।
- गणेश महोत्सव का दूसरा दिन: स्वर्ण मुकुट, कुंडल और लाल वस्त्रों में सजे महागणपति के दिव्य स्वरूप ने मोहा भक्तों का मन - September 15, 2026
- आगरा के जनकपुरी महोत्सव को मिला 12 करोड़ का ऐतिहासिक विकास बजट, महापौर हेमलता दिवाकर ने क्षेत्र में विभिन्न कार्यों का किया उद्घाटन - September 15, 2026
- 3,400 करोड़ के मालिक बीजेपी विधायक बने ‘भिखारी’: सड़क पर उतरकर मांगी भीख, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान - September 15, 2026