आगरा: ताजनगरी के हवाई संपर्क और पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बुधवार को एक ऐतिहासिक फैसला लिया गया। केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल की अध्यक्षता में हुई ‘हवाई अड्डा सलाहकार समिति’ की बैठक में धनौली स्थित न्यू सिविल एन्क्लेव का नाम पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही, नए टर्मिनल के वेटिंग लाउंज का नामकरण आगरा के लाड़ले शहीद पृथ्वी सिंह चौहान के नाम पर करने का निर्णय लिया गया है।
दिसंबर 2026 तक तैयार होगा आधुनिक टर्मिनल:
करीब 441.79 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्रोजेक्ट का 55 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बैठक में इसे दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नए टर्मिनल भवन को आगरा और ब्रज की सांस्कृतिक पहचान देने के लिए विशेष वास्तुशिल्प का प्रयोग किया जाएगा, जिसमें लाल और सफेद पत्थर के गुंबद आकर्षण का केंद्र होंगे।
इन शहरों के लिए शुरू होंगी नई उड़ानें:
आगरा से कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए इंडिगो एयरलाइंस को बिजनेस स्टडी करने का सुझाव दिया गया है। जल्द ही आगरा से गुवाहाटी, शिलांग, कोलकाता, जम्मू, सूरत और चेन्नई के लिए नई उड़ानें शुरू हो सकती हैं। साथ ही गोवा और बौद्ध सर्किट (वाराणसी) को भी हवाई मार्ग से जोड़ने पर चर्चा हुई।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा एन्क्लेव:
144 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट पर 19 चेक-इन काउंटर, 3 एरोब्रिज, मल्टीलेवल पार्किंग और ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन जैसी सुविधाएं होंगी। मंत्री प्रो. बघेल ने धनौली गांव की सड़कों को चौड़ा करने और इसे नगर निगम की परिधि में लाने के भी निर्देश दिए ताकि एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र का भी सर्वांगीण विकास हो सके।
- Agra News: बच्चों को बांटी गईं ‘एक्सपायरी दवाएं’, प्रशासन सख्त; ड्रग विभाग ने लिए सैंपल, एसडीएम ने दिए जांच के आदेश - June 17, 2026
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज का कमाल: दुर्लभ ‘गिलियन-बैरे सिंड्रोम’ से जूझ रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग को डॉक्टरों ने दिया नया जीवन - June 17, 2026
- आगरा में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: अंगूठी गांव में तीन साल बाद तालाब हुआ अतिक्रमण मुक्त; मंदिर-मस्जिद समेत अवैध निर्माण ध्वस्त - June 17, 2026