आगरा: जनपद के थाना अछनेरा क्षेत्र के गुलाब नगर मोहल्ले में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने इतना तूल पकड़ लिया कि बड़े आपस में भिड़ गए और एक राजमिस्त्री की जान ले ली। मृतक की पहचान साबुद्दीन उर्फ साबू (पुत्र बाबू) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी फैल गई है।
मारपीट के दौरान सिर पर किया वार:
परिजनों के मुताबिक, बच्चों के बीच हुए झगड़े को सुलझाने के बजाय दूसरे पक्ष के लोग हिंसक हो गए। तू-तू मैं-मैं से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने साबुद्दीन के सिर पर ईंट से जोरदार प्रहार किया। चोट इतनी गंभीर थी कि अस्पताल पहुँचने से पहले ही साबुद्दीन ने दम तोड़ दिया।
परिजनों में कोहराम, आरोपियों की तलाश जारी:
साबुद्दीन मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था। उसकी मौत के बाद घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुँची अछनेरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
- आगरा में 36 मनमोहक झांकियों संग निकली भव्य दशहरा शोभायात्रा: जटपुरा के प्राचीन मंदिर से कान्हा पटेली तक गूंजे “जय श्रीराम” के जयकारे - October 21, 2026
- शिक्षा और साहित्य में उत्कृष्ट योगदान: हिसार की डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को शिक्षा सागर फाउंडेशन भारत ने किया सम्मानित - October 21, 2026
- यूपी की यूनिवर्सिटी में स्कूटी योजना को लेकर विवाद, शिक्षक संघ ने चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी और नकल माफिया की मिलीभगत का लगाया आरोप - October 21, 2026